Showing posts with label migration. Show all posts
Showing posts with label migration. Show all posts

Wednesday, September 09, 2009

आईए शहर और गांव के बीच की लकीर मिटाएं...


जब भी गांव के विकास की बात आती है ...शहरों की खिंचाई शुरू हो जाती है..ये थोड़ा सा अन्याय है मुझे लगता है..शहर विकास का एक नैसर्गिक पड़ाव है..ऐसा नहीं होता तो विकास के चश्मे से शहरों का भी वर्गीकरण नहीं होता..मसलन छोटा शहर..बड़ा शहर..सिटी..मेट्रो सिटी..कॉस्मोपॉलिटन सिटी..वगैरह वगैरह..छोटे शहरों के लोगों का भी मेट्रोपॉलिटन के सामने कुछ ऐसा ही रोना है...पिछड़े रह जाने की ऐसी ही दुहाई है..सबकुछ नहीं मिल पाने की ऐसी ही कसक है..लेकिन उनको नहीं मालूम कि दिल्ली का दिल भी लंदन या न्यूयार्क को देख कर जल सकता है...या फिर ये कह सकता है कि वो आगे निकल गये..हम कहां रह गये...ये शिकायत व्यक्तिगत तौर पर मुझे थोड़ी 'रिस्पेक्टिव' या 'रेलेटिव' लगती है. बहरहाल, ये सवाल कि शहरों ने गांवों को क्या दिया है.. बताने की ज़रूरत नहीं है..शहर उन लोगों का आलंब बने जो बाढ़ या सूखे में अपना सबकुछ खो बैठे..जब गांव घर में पानी घुसा तो शहरों की तंग गलियों ने आसरा दिया..जब गांव के स्कूल बदहाल हो गये..तब शहरों ने हमें ये क़ाबलियत दी कि हम पुरज़ोर ढ़ंग से अपने गांवों के लिए आवाज़ उठा पाने की ताक़त रखते है..आज हमारे गांवों की बात हमारे मुंह से सुनी और समझी जा रही है तो बीच में कहीं न कहीं एक शहर ज़रूर खड़ा रहता है..कमज़ोरी नहीं बल्कि हौसला बनकर..अत्मविश्वास बनकर. गांवों की जो तस्वीर हम अपने आनेवाले दिनों के लिए बुनते हैं..जिसे दिमाग के काग़ज से ज़मीन की ठोस परत पर उतारना चाहते है...तो कल्पना की वो जमीन भी कहीं न कहीं इन शहरों ने मिल कर बनाई है....बीच की लाईन क्यों बना देते हैं हम..मान लीजिए कि दिल अगर गांव है..वैसे बापू ने भी माना था कि भारत की आत्मा गांवो में ही बसती है...तो इस शरीर का दिमाग शहर है..शहरों का आधार गांव रहे है..इसमें कोई दो राय नहीं...यहां के फाईवस्टार होटलों में परोसा जाने वाला खाना..और उसे परोसने वाला दोनों ज्यादातर गांवों के ही होते है...शहर के हाथ गांव से आते है...लेकिन ये भी नहीं भूलना होगा..कि शहर इन हाथों को थाम भी लेते हैं..बीच की लाईन को मिटा कर बात करते हैं..ये मानने में कोई हिचक नहीं होनी चाहिए कि गांव पीछे छूट गये..कारणों की विवेचना नहीं करूंगा...लेकिन गांवों की बड़ी ज़रूरतें क्या हैं इस समय..उनके पास क्या कुछ है जिससे इन ज़रूरतों को पूरा किया जा सकेगा...ये समझना ज्यादा ज़रूरी है..गांवों के पास कुछ चीज़े ऐसी हैं जो शहरों के पास नहीं हैं....गांवों-ज़रूरतों को तोड़ कर देखेंगे तो शहरों के मुक़ाबले छोटी लगेंगी लेकिन ग्रासरूट लेवल पर सब मिलजुल कर अभाव की बड़ी तस्वीर बना देते हैं....तो मेरे हिसाब से हल ग्रास लेवल से शुरू होना चाहिए..गांव की ताक़त क्या है?..गांवों की असल ताक़त उनका सस्ता संसाधन है..बात चाहे प्राकृतिक संसाधनों की हो, मानव संसाधन की हो ..हर मामले में उपलब्धता ज्यादा है...लेकिन इन संसाधनो के साथ सबसे बड़ी चुनौती इनकी क्वालिटी को लेकर...सबसे ज्यादा काम की ज़रूरत मानवसंसाधन के विकास और उसके इस्तेमाल पर करने की है..डीसेंट्रलाईज़ेशन ऑफ डेवलपमेंट..अगर इस संकल्पना पर काम किया जाये तो विकास के विकेंद्रीकरण का अंतिम बिंदु गांव का कोई वही आदमी होगा..जिसे हम शहरों की ओर पलायन करने से रोकना चाहते हैं..जब बिहार के मुख्यमंत्री ने ये कहा कि राज्य की श्रम शक्ति का 50 फ़ीसदी से ज्यादा हिस्सा राज्य से बाहर है तो पलायन की गंभीरता समझी जा सकती है..तो जब हम विकास के विकेंद्रीकरण की बात करते हैं तो यहीं से शहरों की गांवों के अंदर भूमिका शुरू हो जाती है...इस प्रक्रिया में वो सबकुछ आता है जो शहरों की तरफ़ गांवों के लोगों को खींच कर ले जाता है..कारण चाहे ज़रूरत हो या सपने...आउट ऑफ द बॉक्स जाकर क्यों नहीं सोच पाते....हर चीज़ को विकेंद्रीकृत कर दे- शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यवसाय सबकुछ. क्या ऐसा नहीं हो सकता कि अंग्रेजी बोलने-पढ़ने का माहौल हम गांवो और छोटे शहरों में पैदा कर दे..फिर वहां से विलेज कैंपस कर वहां के युवा को किसी बीपीओ में उसे नौकरी दे दे..और ये आउटसोर्सिंग गांवो से ही हो..ये सुविधा दिल्ली से नहीं हटेगी तो लोग भागेंगे...गया का पटुआ टोली गांव एक बेहतरीन उदाहरण है..जहां जुलाहों की बस्ती से हर साल आईआईटी में बच्चे दाखिला लेते है..पटना का सुपर थर्टी भी बेहतरीन मिसाल है....ये लोग महंगी पढ़ाई करने के लिए दिल्ली नहीं जा सकते ...लेकिन अच्छी पढ़ाई अपने घर में ज़रूर कर लेते ...गांवों में और छोटे शहरों में जहां बिजली नहीं रहती वहां के लड़के-लड़कियां एजुकेशन क्लब बना कर तैयारियां करते है..और खुद को साबित करते हैं..अगर इन युवाओं को ये शहरी सुविधायें विकेंद्रित हो गांव में मिलें तो ..कौन जाये कमबख्त अपने गांव की गलियां छोड़कर....शहर की सड़कें जब हरियाणा, पंजाब, गोवा, गुजरात, कर्नाटक जैसे राज्यों के गांवों तक विकेंद्रीकृत होती हुई पहुंची..तो शहर की चीज़े भी वहां तक गई..बस यही प्रक्रिया हर मामले में हो..एक बार बीबीसी में ये पूछा गया कि एक दिन के लिए पीएम बनने पर आप क्या करेंगे? तो किसी का सुझाव था कि एक दिन के लिए कैबिनेट की बैठक किसी गांव में कराऊंगा..उस एक दिन के चक्कर में उस गांव की कई चीज़े सुधर जायेंगी..मुझे अच्छा लगा..क्या शहरों में,राजधानियों में होने वाली इस तरह की बैठकों ,सम्मेलनों, सभाओं, महोत्सवों को हम गांवों में नहीं कर सकते ...यक़ीन मानिये कोई मुश्किल काम नहीं है..अलबत्ता गांवों में रोज़गार के साथ-साथ कई चीज़ो का इज़ाफा होगा...इन सब पर तो गांव का भी हक है... यानि शहरों का विकेंद्रीकरण ऐसे भी हो सकता है.. इससे शहरों को भी एक बड़ा फ़ायदा होगा...एक तो उनपर दबाव घटेगा..दूसरे आयोजनों का खर्च घटेगा...शहरों में स्लम्स के लिए टूरिज़म नाम की चीज विकसित हो जाती है..इससे लाख बेहतर है कि विलेज टूरिज़म विकसित करें..दुनियां को गांवों के दर्शन करायें..सरकार अपने किसी प्रोजेक्ट को शुरू करने के लिए गांवो को प्राथमिकता दे..खेलों के स्टेडियम गांवों में क्यों नहीं बने...जगह काफ़ी है वहां ..क्यों शहरों में भीड़ बढ़ाते हैं हम... बडी बात ये है कि गांव के लोग भी ये महसूस कर पायेंगे कि हम भी इन सब चीज़ो से जुड़े है..फिर शहर और गांव के बीच की जो लाईन है वो हल्की होती जायेगी...जब मै विकेंद्रीकरण की बात करता हूं तो यही सोचता हूं...सुविधाओं के गढ़ बन चुके बड़े शहर टूटें..और ये सविधायें छोटे शहरों और गांवों तक जायें...सत्ता के विकेंद्रीकरण की बात पर तो पहल बहुत तेज़ी से हुई..लेकिन दिल्ली में जमा हुई सुविधाओं के बारे में ऐसा विचार क्यों नहीं आया..आख़िऱ में मै आपको एक सपने के साथ छोड़ जाता हूं....आंखें बंद कीजिए..और देखिये...मऊ का बीपीओ सेंटर..छपरा के किसी गांव का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम..गुंटूर के गांव में बना आईआईएम....उड़िसा के चिल्का गांव में कैबिनेट मीटिंग भवन...प्रगति मैदान का मोटर एक्सपो श्रीगंगानगर के किसी गांव में....नागालैड या सिक्किम के किसी पहाड़ी गांव में राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव....आंखे खोलिये ..आपको लगता है कि इस एक क़दम से उन जगहों की इससे तस्वीर बदेलगी?..नहीं लगता तो आप इसे मेरा यूटोपिया कह सकते हैं..मुझे बुरा नहीं लगेगा...

रवि मिश्रा

Saturday, January 24, 2009

सोने का पिंजर (2)

दूसरा अध्याय

क्या धरा है ऐसी ममता में जहाँ की धरती पर मच्छर हैं, मक्खी हैं।

चूल्हे पर चाय का पानी चढ़ा है, अल्मारी से शक्कर का डिब्बा जैसे ही उतारा तो पता लगा कि अरे शक्कर तो है ही नहीं। अब चाय कैसे बने? बैठकखाने में मेहमान बैठे हैं। माँ धीरे से बेटी को पुकारती है, और फुसफुसाहट करती हुई बेटी को समझाती है कि ‘पीछे के दरवाजे से जा और पड़ौस की काकी से एक कटोरी शक्कर माँग ला।’ शक्कर पीछे के दरवाजे से आ जाती है। लेकिन तुम्हारे यहाँ, बहुत कठिन है, रीत गये डिब्बे में शक्कर की आवक, वह भी पीछे के दरवाजे से। बेटा-बहू नौकरी पर गए, माँ अकेली है। घर का सारा काम निपट गया है, अब घर की डोली पर बैठकर पास वाली से बातें करेंगे। कितना सकून भरा है यह क्षण। एक पल भी एकान्त नहीं, अकेले होने का डर नहीं।
तुम्हारे पास एकान्त-साधना का बहुत समय है। बेटा-बहू या बेटी-दामाद नौकरी पर गए और अकेले हो गए बूढ़ा-बूढ़ी।
बूढ़ा बोलने लगा कि "अरी भागवान कैसे सुंदर दिन आए हैं, सारा जीवन बीत गया लेकिन तुझ से एकान्त में बात करने का अवसर ही नहीं मिला। अब देख यहाँ केवल तू है और मैं हूँ। सारा दिन अपना है।"
बुढ़िया भी खुश हो गयी, बोली कि "हाँ तुम सच कहते हो। और देखो कैसा आराम भी है! नल में गर्म और ठण्डा पानी दोनों ही आते हैं, फटाफट बर्तन साफ हो जाते हैं। अपने देस में तो मरी महरी के सौ नखरे थे, कभी आती और कभी नहीं। सर्दी में उसे गर्म पानी चाहिए था तो पहले मरी सिगड़ी पर गर्म करके देती थी पानी और बाद में जब गैस आ गयी तब उस पर पानी गर्म करके देती थी, तभी उसके हाथ चलते थे। यहाँ सारे नखरों से ही दूर हैं, देखों तो हम कैसे सब मिलजुल कर काम कर लेते हैं।" फिर हँसकर बोली कि "वहाँ तो तुम भी खटिया तोड़ते थे, लेकिन यहाँ तो मेरे साथ हाथ बँटा ही लेते हो।"
बूढ़ा बोला कि "मेरे मन में विचार आता है कि हम गाँव में बेचारी बड़ी बहू को बेकार में ही डाँटते रहते थे। सारा काम वो ही करती थी, तू भी खटिया पर पड़ी चाय पीती थी और बेचारी बहू खाना भी वहीं खिला देती थी। तब भी तू उसे गाली दिए बिना रहती नहीं थी। आज क्या हुआ तेरी जुबान को? अब तो तू एकदम चुपचाप है, कभी तूने अपने हाथ से पानी भी नहीं पीया और यहाँ तो तू बर्तन भी माँज रही है।"
सब समय-समय का खेल है। क्या करें, अब दोनों ही नौकरी करे हैं तो हमें भी तो कुछ करना ही पड़ेगा न! फिर ठाले बैठे यहाँ करे भी तो क्या? मरा टी.वी. पर भी तो अंग्रेजी में ही गिट-पिट आती रहे है। फिर अचानक ही मायूस हो जाती है और बोलती है कि "जी, अपने देस कब चलोगे?"
"क्यों यहाँ आने को तू ही तो बड़ी तड़प रही थी।"
"वो तो सही है, लेकिन अपने घर-बार की याद आने लगी है। पड़ौसन की बहु के बाल-बच्चा होने वाला था, अब तक हो गया होगा। घर में गीत गँवे होंगे। सारी ही मुहल्ले की औरते आयी होंगी।"
"लेकिन तेरे बिना तो गीतों में मजा ही नहीं आया होगा। तेरा गला ही तो सबसे अच्छा था।"
"अजी ऐसा नहीं करें कि अपन भी यहाँ गीत गवा लें।"
"कहाँ गवाएँगी? आस-पड़ौस से गौरी-काली औरतों को बुलाएँगी कि मेरे साथ गीत गाओ।"
"नहीं जी, तुम तो मजाक करो हो, मैं कह रही थी कि एक दिन मंदिर ही चलें, वहाँ भजन ही गाएँगे।"
"चल अच्छा है, बेटे को आने दे, बात करेंगे।"
"अरे अपन ही चल चलें, नीचे मोटर-गाड़ी कुछ तो मिल ही जाएगी, पूछते-पूछते चले जाएँगे।"
"नीचे मोटर-गाड़ी? यहाँ तेरा शहर है जो घर के बाहर ही टेम्पों मिल जाएगा? तूने देखा नहीं कैसी बड़ी-बड़ी सड़कें हैं। सड़कों पर बस गाड़ियाँ ही दौड़ती रहे हैं, आदमी तो दिखे ही ना है। किससे पूछेगी रास्ता? अब बेटे को आने ही दे।"
"अरे बेटा तो नौकरी से थका-हारा आएगा, रात को। तब कौन सा मन्दिर और कौन से भजन?"
"अब के शनिवार को कह देखेंगे।" बूढ़े ने आश्वासन दिया।
"कल ही तो शनिवार है। आज शाम को ही बात चलाएँगे।"
शुक्रवार की शाम है, बेटा-बहू दोनों ही काम से जल्दी आ गए हैं। आते ही बेटा बोला कि "माँ, कल हम सब घूमने जाएँगे। बहुत दिनों से कहीं गए नहीं हैं तो इस वीकेंड पर समुद्र किनारे घूमेंगे। वहाँ के होटल की बुकिंग बहुत मुश्किल से मिली है।"
"बेटा हम वहाँ जाकर क्या करेंगे? हमें कहीं किसी मंदिर में ही छोड़ आ। सारा दिन भजन गाने में ही निकल जाएगा।"
"अरे यहाँ इतना आसान नहीं है, जितना अपने गाँव में था। वहाँ छोड़ भी दूँगा तो सारा दिन क्या करोगे? फिर आप मेरा मूड मत बिगाड़ो। बस मैं जैसा कहता हूँ वैसा करो।
समुद्र किनारे देखना कैसी-कैसी मछलियाँ हैं? ऐसा सी-वर्ल्‍ड तुम्हारे गाँव में नहीं है।"
"बेटा, गाँव तो वह तेरा भी है।"
"हाँ, वही।" बेटे ने बड़ी अनिच्छा से कहा।

देखा तुमने, कैसे बेटा अपने ही गाँव को अपना कहने में शर्म कर रहा है। वह तुम्हें अपना बता रहा है। भला तुम उसके कैसे हो सकते हो? तुम क्या नहीं जानते कि मनुष्य की तन की और मन की जरूरते अलग-अलग होती हैं। तन कुछ और चाहता है और मन कुछ और। तन तो सारे ही सुख चाहता है लेकिन मन अपने अतीत में ही लौट जाना चाहता है। मुझे लगता है कि तुमने दुनिया को कितना दिया है इसका हिसाब तो मेरे पास नहीं है, लेकिन लोगों के मन के संतोष को तुमने जरूर छीन लिया है। सारे ही सुखों के बीच भारतीय व्यक्ति तुम्हारी धरती पर रहता है, लेकिन उसका मन उसे अपनी धरती की ओर खींचता है। मैं अपने मन की बात बताऊँ, मेरी उम्र 57 वर्ष होने को है, मैंने अपना बचपन जिस धरती पर बिताया उसे छूटे तैतीस वर्ष से भी अधिक हो गए। लेकिन आज भी सपने चाहे किसी के आएँ, सपने में घर तो वहीं बचपन का होता है। यह क्या रहस्य है, मुझे अभी तक समझ नहीं आया! मैं तुम्हें बस इतना ही कहना चाहती हूँ कि मन का ऐसा ही रहस्य है। बचपन का स्वाद ही उसकी जुबान पर होता है। बचपन में जब माँ गुड़ का हलुवा बनाती थी, तो उसकी महक आज भी नथुनों में बसी है। तुम्हारे यहाँ कहाँ है वह महक? बस जब मन उस बचपन की महक के लिए तड़पता है तब तुम्हारे गुदगुदे बिस्तर पर उसे नींद नहीं आती। यौवन में तो मन के ऊपर तन हावी रहता है लेकिन जैसे ही यौवन ढलने लगता है, मन अपना करतब दिखाना शुरू कर देता है।
यौवन में तुम्हारी चकाचौंध सभी को तो अपनी ओर आकर्षित करती है। भारत के घर से बाहर कदम रखते ही नाक पर रूमाल रखना पड़ता है। टूटी सड़क पर, पानी का जमाव आम बात है। घर से धुले-साफ कपड़े पहनकर बाहर निकले, सड़क पर आए और तेज गति से आती मोटर-साइकिल ने छपाक से पानी को उछाल दिया। सफेद कलफ लगे कपड़े कीचड़ से सन गए। कहीं कच्ची बस्तियाँ बसी हैं, नीले प्लास्टिक के कपड़ों से तने है छोटे-छोटे घर। वहीं सूअर भी हैं और कुत्ते भी। मनुष्य के बच्चे और जानवरों के बच्चों में अंतर नहीं दिखायी देता इन बस्तियों में। एक तरफ ऐसी बस्तियाँ हैं तो दूसरी तरफ आलीशान कोठियाँ खड़ी हैं। यही अन्तर लोगों को तुम्हारी ओर आकर्षित करता है। सपने सत्य करने के लिए तुम्हारी धरती उन्हें पुकारती है। वे अपने चारों तरफ पसरी गन्दगी को मिटाने का संकल्प नहीं लेते, अपितु स्वयं ही भागने का मार्ग ढूँढ लेते हैं। जरा सा पढ़ने में तेज क्या हुआ, वह सपने में तुम्हें ही देखता है। पंजाब का लड़का तो तुम्हारे यहाँ ही ढाबा खोलना चाहता है। उसे पता है कि भारत की जीभ बहुत चटोरी होती है, उसे यहीं के मसालों की आदत होती है। वह तुम्हारे यहाँ आ जाता है अपना तंदूर लेकर। नान बनने लगती है, भटूरे बनने लगते हैं।
तुम भी जानते हो कि भारत के खाने का जवाब नहीं, अतः आने दो पंजाबियों को। भारत से इतने इंजीनियर, डाक्टर यहाँ आएँ हैं, उन्हें भारत का खाना नहीं मिलेगा तब कहीं वे भाग नहीं जाएँ? तुमने उन्हें आने दिया। तुमने हर उसको आने दिया जो तुम्हारे काम का था। लेकिन तुमने उसे नहीं आने दिया जो तुम्हारे काम का नहीं था। इसी आवाजाही में हमारी अँगुली से भी हाथ छूट गया। तुम्हारे यहाँ की शिक्षा का एक स्तर है, ऐसा विश्वप्रसिद्ध हो चला है। हमारे जैसे लाखों माँ-बापों ने सोचा कि बेहतर शिक्षा जरूरी है। हम भी गाँव की देहरी से निकलकर बेहतर शिक्षा के लिए शहर आए थे तो आज हमारे बच्चों का भी अधिकार बनता है कि वे भी बेहतर शिक्षा पाएँ। हम गौरव से भरे हुए थे, कि हमने हमारे बच्चों को बेहतर शिक्षा का विकल्प दे दिया। हम भी फूले नहीं समा रहे थे, हम भी अपने आपको विशेष अनुभव करने लगे थे। लेकिन हमारी विशेषता तो हीनता में बदल गयी। तुम्हारी धरती का सम्मोहन ऐसा ही था। वे कहने लगे कि ऐसी स्वर्ग सी धरती पर बसने का सौभाग्य यदि हमें मिला है तब हम आपकी नरक सी धरती पर क्यों आएँ? हम रातों-रात हीन हो गए। हमारा प्रेम, हमारी ममता, इस धरती का जुड़ाव सभी कुछ जाया गया।
क्या धरा है ऐसी ममता में जहाँ की धरती पर मच्छर हैं, मक्खी हैं। अकेले स्वाद के लिए तो उस नरक में आकर नहीं रहा जा सकता। एक प्रश्न भारतीयों से तुम्हारे पास से आया कि तुम भी छोड़ दो इस धरती को।
कैसे छोड़ दें हम हमारी धरती को, हमारे सुख-दुख को? लेकिन बच्चों को लगने लगा कि एक बार यदि माँ-बाप इस धरती को देख लेंगे तब फिर भारत का नाम ही नहीं लेंगे। वे भी जुट जाएँगे, तुम्हारी धरती पर आने के लिए। यह बात तुम भी जानते हो, तभी तो तुमने इतने कड़े नियम बना रखे हैं। भारत में बसे माता-पिता बेचारे अपनी संतानों के मोह में तुम्हारे यहाँ का सुख देखने को लालायित हो उठते हैं। वे सोचते हैं कि एक बार तो जा ही आएँ। जैसे-तैसे पैसा एकत्र करते हैं, कभी बेटा भेजता है, कभी बेटी भेजती है और मन सपने देखने लगता है तुम्हारी धरती के। क्योंकि भारत में स्वर्ग के बाद दूसरे नम्बर पर तुम्हीं आते हो, बस एक बार तुम्हारे यहाँ जा आएँ, यही एकमात्र इच्छा रहती है। व्यक्ति बात-बात में तुम्हारा उदाहरण देता है कि जब मैं अमेरिका में था उन दिनों यह हुआ था, आदि, आदि। वह कैसे न कैसे बता ही देता है कि वह अमेरिका जा आया है। एक बार मैं एक मीटिंग में थी। मेरे पास एक घरेलू सी महिला बैठी थी। उसने अपनी कोई बात रखी लेकिन जो महिलाएँ स्वयं को बहुत ही पढ़ा-लिखा समझ रही थीं वे उनकी किसी भी बात पर ध्यान नहीं दे रही थीं। आखिर उन्होंने भी तुम्हारी ही तुरूप काम में ली। वे बोली कि -वेन आई वाज इन अमेरिका..........। इतना बोलना था कि वे अचानक विशेष हो गयीं। यह है तुम्हारा प्रभाव।
क्रमश:

डॉ अजित गुप्ता

Saturday, January 17, 2009

हमारे सपने तुम्हारे क्यों नहीं हो सके?? (1)

डॉ अजित गुप्ता की यादों का सफ़र फिर प्रस्तुत है....धनवान होते अमेरिका में ग़रीब होती संवेदना और बिछोह का दुख झेलते दूर देश के मां-बाप इनके लेख में कई-कई बार हैं.. पिछली बार आपने इस लंबी कड़ी का पहला भाग पढा...अब पढिए इसी कड़ी में आगे....


सोने का पिंजर
अध्याय 1


तू मेरे ख्वाबों में भी कभी नहीं आया, मेरे मन में तेरे लिए कभी किसी चाहत ने जन्म भी नहीं लिया। बस तेरा एक अस्तित्व है, इतना भर ही तो जानती रही हूँ मैं। लेकिन मुझे नहीं पता था कि एक दिन ऐसा आएगा जब तू मेरे जीवन का अंग बन जाएगा। तेरी विशालता के आगे मेरा व्यक्तित्व एकदम बौना बन जाएगा। बेटा जब बड़ा होने लगता है तो माँ के मन में एक धुकधुकी सी होने लगती है। कभी उसका घर बसाने के सपने आते हैं तो कभी उसके भविष्य के। एक कोना आशंका से ग्रस्त भी रहता है। एक अनजान भय मुंडेर पर चिड़िया के बोलने के साथ ही चला आता है। परायेपन का डर नींदे भी उड़ा देता है। लेकिन डर इस रूप में आएगा यह तो चिंतन में ही नहीं था। सभी कुछ तो ठीक चल रहा था। एक ठहरी हुई जिन्दगी की तरह साफ-सुथरा।
लेकिन तुम्हारे नाम का कंकड़ जब कलकल बहती नदी में फेंका गया तब भी मन में उद्वेग नहीं आया था। एक प्रसन्नता का भाव ही मन में था। एक ऐसा स्थान जहाँ सुरक्षा है, भविष्य की सम्भावनाएँ हैं, तब तुम्हारा नाम अच्छा ही लगा था। सपने ताजिन्दगी देखे नहीं तो तब भी नहीं देखे। अच्छा या बुरा कुछ भी तो नहीं सोच पाया था मन। बस एक विश्वास था, एक अटूट प्यार था। पल-पल, क्षण-क्षण अपने मन के कण-कण से निर्माण किया था अपनी ही एक प्रतिकृति को। प्यार सागर सा दिखाई पड़ता था, जिसका न कोई ओर था और न कोई छोर। लेकिन तभी तुम आ गए थे, हमारे मध्य। उस विशाल सागर में पहली बार लगा कि यहाँ नमक भी है जिस कारण यहाँ का पानी आँसुओं की तरह खारा भी है। अब कई समुद्र उग आए थे मेरे और मेरी प्रतिकृति के मध्य। मन उसे छूने का करता लेकिन यही समुद्र दूरी बनकर बीच में खड़ा हो जाता। लेकिन सुरक्षा बोध उस पार से निकल-निकलकर आता रहा। चिन्ता का सैलाब आता और चले जाता। हर शब्द में बसी थी केवल सुरक्षा। अपने आस-पास खून की होली दिखाई देती। अनाचार, अत्याचार सामने ही तो खड़े थे। भविष्य की चिन्ता रातों को सोने नहीं देती थी। अब मन आश्वस्त हो चला था। छू नहीं सकती तो क्या, सुरक्षा तो है। लेकिन सुरक्षा का भाव भी कितने दिन टिक पाया? जो कभी स्थाई लगता था वह चन्द दिनों में ही कपूर की तरह उड़ गया। अभी एक माह भी तो नहीं हुआ था, मन तड़पता और सुरक्षा का आश्वासन, मरहम लगा देता। हमारा क्या है, बच्चों का भविष्य सुरक्षित होना चाहिए।
वो कैसी तो शाम थी? लेकिन तुम्हारे यहाँ तो सुबह थी।
शाम का भी क्या फितूर होता है? अपने साथ एक घुटन लेकर आती है। एकान्त के पल धुएँ से घिरे दिखाई देते हैं। कभी यह धुआँ आँखों में समा जाता है, जलन के साथ पानी बनकर बहने लगता है। कभी इस धुएँ में भविष्य धुँधला हो जाता है। भला हो टी.वी. का, एकान्त में भी साथी बना डटा रहता है। रिमोट पकड़ो और आपका साथी बोलने लगता है, आपको गुदगुदाने लगता है। लेकिन वह शाम गुदगुदाने नहीं आयी थी, एक मिथक को तोड़ने आयी थी। एक डर का विस्तार करने आयी थी। सुरक्षा-चक्र के घेरे को तोड़ने आयी थी। तुम्हारे तन पर भी खून की होली खेलने आयी थी। मेरी वो शाम, रात बन गयी थी, तुम्हारी वो सुबह कभी न खत्म होने वाले डर में बदल गयी थी।
मेरे देखते ही देखते एक हवाई-जहाज जा टकराया था विशाल 110 मंजिला इमारत से। ताश के महल की तरह ढह गयी थी वो इमारत, जिसमें करोड़ों टन लोहा लगा था, करोड़ों टन सीमेंट लगा था। कितने पल लगे उसे भरभराकर ढहने में? वह 11 सितम्बर 2001 तुम्हारे लिए प्रारम्भ था एक डर का, हमारे लिए अन्त था सुरक्षा-बोध का। सारा जीवन ही बदल गया। आसान रास्ते, कंटकों से भर गए। दूरियाँ अब अन्तहीन हो चली। लेकिन समय कब रुकता है? समय तो चलता ही रहता है। घाव बनते हैं, समय भर भी देता है। लेकिन चिह्न तो वहीं रह जाते हैं। डर का चिह्न भी सदा के लिए रह गया।
दिन सरकते रहे, एक दिन इच्छा जागृत हुई, खून ने खून को पुकार लिया। तब न तो सात समुन्दर पार जाने में भय दिखाई दिया और न ही कोई व्यवधान मन में आया। सभी कुछ सरल लग रहा था। लेकिन 26 अप्रेल 2002 हमारे लिए बहुत बड़ा सबक लेकर आया। तुम तक पहुँचना इतना आसान नहीं है। तुम्हारी धरती पर पाँव रखने के लिए न तो करोड़ों की जायदाद थी, न ही तुम्हारे काम आने वाली शिक्षा। एक साधारण सी बात ने समाप्त कर दिया बरसों के सिंचित स्वाभिमान को। वीजा के रूप में तुमने नकार दिया हमारे व्यक्तित्व को। मेरी धरती पर तुम्हारा उपयोग नहीं है, अतः तुम्हें वीजा नहीं मिल सकता। ऐसे साधारण लोग मेरी धरती को भी साधारण नहीं बना दें, शायद यही डर तुम्हारे मन में रहा हो। तुम एक विशेष देश हो, दुनिया के सारे ही देशों में अग्रणी। अब तो तुम्हारी ही चौधराहट पूरी दुनिया में चलती है। लेकिन तुमने एक मिनट भी नहीं सोचा कि पुत्र तुम्हारे पास, तुम्हारे वैभव से चकाचौंध और माँ सात समन्दर पार! तुमने न टूटने वाले ताले लगा दिए? कैसी मानवता है तुम्हारी? तुम तो सारी दुनिया को श्रेष्ठता का संदेश देते हो, मानवता की बात करते हो, फिर होनहार पुत्रों के माँ-बापों को तरसाते क्यों हों? क्यों नहीं पूछते उनसे कि तुम्हारे माँ-बाप का भविष्य क्या होगा? लेकिन मैं भी तुमसे कैसे प्रश्न पूछने लगी? तुमने कब परिवार को महत्त्व दिया है? तुम तो एक व्यापारी हो। जो भी दुनिया का श्रेष्ठ हो उसे तुम ले लेते हो। बाकि भावनाओं से तुम्हें क्या मतलब? भारत का व्यक्ति हजारों में कमाता है लेकिन जैसा तुम्हारा आकार बड़ा है वैसे ही तुम्हारे डॉलर का आकार भी बहुत बड़ा है। भला भारत के माँ-बापों के पास इतना धन कहाँ जो तुम्हारे डॉलर का मुकाबला कर सकें? हाँ हमारा दिल जरूर बहुत बड़ा है। हम संतानों को अपनी छाती से लगाकर रखते हैं। हमारे सुख-दुख साँझी होते हैं। तुम बात-बात में उपहार देते हो, हम पल-पल अपना कर्तव्य पूरा करते हैं। हमारी संताने बैंक-लोन पर आश्रित नहीं रहती, वे हम पर ही आश्रित रहती हैं।
तुम्हारा वीजा-ऑफिस, स्वर्ग में जाने वाले चित्रगुप्त के दरबार जैसा ही है। सारे ही जीवन का लेखा-जोखा देखा जाता है। जरा सी चूक हुई कि दरवाजे बन्द। बेचारे लोग लम्बी-लम्बी कतारों में घण्टों खड़े रहते हैं। उनके हाथ में लदे होते हैं बही-खाते। जिसे स्वीकृति मिल जाती है, उसके घर में दीवाली मनती है और जिसे नहीं, वह अमावस में रहने को ही मजबूर होता है।
तुम अकस्मात् ही मेरे जीवन में आ गए। मेरे बरसों के सिंचित स्वाभिमान पर तुमने एकदम से प्रहार कर दिया। मैं, मेरा समाज और मेरा देश, तुमने गौण कर दिया, हमारी संतानों के समक्ष। मैं तो समझती थी कि शिक्षा का अर्थ स्वाभिमान जागृत करना होता है, लेकिन तुम्हारे यहाँ कि शिक्षा ने तो सम्पूर्ण भारत के स्वाभिमान को ही पददलित कर दिया। हमारे यहाँ जब गाँव का नौजवान पहली बार महानगरों में जाता है तब वह एकदम से बौरा जाता है। वह स्वयं को गँवार समझ बैठता है और महानगर में बसने के ख्वाब पाल बैठता है। कभी कच्ची बस्ती में, कभी चाल में, कभी सोसायटी में। वह सारे दुख उठाकर भी गर्व से तना रहता है कि मैं महानगर में रह रहा हूँ। छूट जाते हैं पीछे कहीं, शुद्ध हवा, प्रकृति के साथ जीने का तरीका, घर, चौबारे। तुम्हारे यहाँ भी ऐसा ही है, एक बार तुम्हारी धरती पर पैर रखा नहीं कि तुम्हारे सौंदर्य की चकाचौंध से हमारे पुत्रों की आँखें चुँधिया जाती हैं। साफ-सुथरा शहर, चौड़ी-चौड़ी सड़के, चारों तरफ रोशनी से नहाया शहर। रात को मद्धिम रोशनी, एक खुमारी सा जगा देती है। इसी खुमारी में वह विस्मृत कर देता है अपना अतीत। भूल जाता है उस माँ को जो उसके लिए सिगड़ी जलाए बैठी होती है, गर्म रोटी खिलाने को। भूल जाता है उस बाप को जिसके मजबूत कंधों पर खेलते हुए उसका बचपन बीता था, भूल जाता है उस बहन हो, जिसकी चोटी खींचते हुए वह बड़ा हुआ था। बस वर्तमान की सुंदरता में खो जाता है उसका तन और मन।
मुझे एक वाकया स्मरण में आता है। मैं एक बार एक कार्यक्रम के निमित्त सुदूर पहाड़ों और जंगलों के मध्य बसे एक छोटे से गाँव में गयी थी। शहर का व्यक्ति भला क्यूँ गाँव में जाता है? वह सोचता है कि मैं विकसित हूँ और ये लोग अभी अविकसित हैं, अतः उन्हें विकसित करने का भ्रम लेकर हम भी वहाँ गए थे। गर्मी अपने पूर्ण यौवन पर थी, शायद 45 डिग्री सेल्शीयस तापमान रहा होगा। हमारे यहाँ गर्मी में इतना ही तापक्रम रहता है। साथ में लाया थर्मस का पानी भी गर्म हो गया था। पास में ही चरस चल रहा था। कुएं से बैल की शक्ति के द्वारा पानी निकाला जाता है। बैल घूमता रहता है और छोटी-छोटी बाल्टियों में पानी भर-भरकर निकलता रहता है। वह जल इतना निर्मल और शीतल था कि हमारा अन्दर तक तृप्त हो गया। वहाँ छोटी-छोटी मगरियों पर झोपड़े बने थे। कुछ दूरी पर ही नदी बह रही थी। नदी के सहारे-सहारे सड़क चले जा रही थी और सड़क का अवलम्ब बने थे पहाड़। पहाड़ों पर कहीं गूलर था तो कहीं नीम। कहीं पलाश था तो कहीं महुवा। छोटे-छोटे खेतों में कहीं तुअर खड़ी थी तो कहीं अदरक और कहीं हल्दी के ढेर लगे थे। शाम को सारा क्षेत्र चिड़ियाओं के चहकने से गुंजायमान हो गया। बच्चे उनके पीछे-पीछे दौड़ने लगे।
आम भी पेड़ों पर लदा था, हमें पेड़ों को निहारते देख, एक बच्चा झट से पेड़ पर चढ़ गया और कच्ची अमिया तोड़ लाया। घर से चुटकी भर नमक ले आया, हम कुएं की मेढ़ पर बैठकर चटखारे लेकर अमिया खाने लगे। जैसे ही सूरज ने पश्चिम की ओर प्रस्थान किया आकाश पर चाँद और तारे निकल आए। पूरा ही आकाश भर गया, ऐसा लगा कि यहाँ पैर रखने की भी जगह नहीं छोड़ी है तारों ने। झोपड़ियों के बाहर ढोल और मांदल की आवाजें आने लगी हैं। सारे ही पुरुष और महिलाएं एक साथ झूम रहे हैं, नाच रहे हैं। कोई अभाव नहीं, कोई शिकायत नहीं।
मन में प्रश्न उठने लगा कि हम शहरवाले इन्हें क्या देने आए हैं? या इनसे छीनने आए हैं इनका चैन-सुकून? यहाँ के नौजवान को क्षणिक भर का तो सुख देते हैं ये महानगर, लेकिन एक कालावधि के बाद टूटने लगता है इनका भ्रम। उन्हें याद आने लगता है वही अपना छोटा सा गाँव जो उससे कभी का पीछे छूट गया है। अब उसके पास होली पर टेसू के फूलों का रंग नहीं है, अब उसके पास तारों भरी रात नहीं है, अब उसके पास अमिया से लदा पेड़ नहीं है। बस अब उसके पास है अकेलापन, बस अकेलापन। ऐसा ही तो तुम भी करते हो। तुम्हारे यहाँ की सुन्दरता से बौराए हमारे पुत्र जब भारत को याद करते हैं तब बहुत देर हो जाती है वापस लौटने को।
मेरे देश की लाखों बूढ़ी आँखों को तुमसे शिकायत नहीं है, बस वे तो अपने भाग्य को ही दोष देते हैं। वे यह नहीं जान पाते कि गरीब को धनवान ने सपने दिखाएँ हैं, और उन सपनों में खो गये हैं उनके लाड़ले पुत्र। मैं समझ नहीं पाती थी कि तुम क्यों नहीं आने देते हो, बूढ़े माँ-बापों को तुम्हारे देश में? लेकिन तुम्हारी धरती पर पैर रखने के बाद जाना कि तुम सही थे। क्या करेंगे वे वहाँ जाकर? एक ऐसे पिंजरे में कैद हो जाएँगे जिसके दरवाजे खोलने के बाद भी उनके लिए उड़ने को आकाश नहीं हैं। अपने देश में, अकेले घर में कम से कम अपनी सी साँस तो ले सकेंगे। कोई तो भूले-भटके उनका हाल पूछने चला ही आएगा। लेकिन तुम्हारे यहाँ आकर तो कैसे कटेंगे उनके दिन? तुम ठीक करते हो, उन्हें अपनी धरती पर नहीं आने देने में ही समझदारी है। कम से कम वे यहाँ जी तो रहे हैं, वहाँ तो जीते जी मर ही जाएँगे।

क्रमशः