Thursday, June 11, 2009

व्यंग्य- हे मक्खन, तू जिंदाबाद !!

जनाब मुझसे मिलिए! मैं हूं अबस विभाग का छत्रपति साहब!घूमती कुर्सी पर बैठ सभी को अपने आगे-पीछे घुमानेवाला। यार-दोस्तों, सगे-संबंधियों की घर में लिस्ट बना सुबह दफ्तर आते ही दफ्तर के फोन से उन्हें फोन पर फोन कर चैन पाने वाला। हमेशा सभी को आदेश देने वाला! पर खुद काम के नाम पर तिनका भी न तोड़ने वाला। सभी को काम चोर कहने वाला। मैं हूं जनाब वह कर्मशील जो खुद मेज पर रखा पानी का गिलास उठा पाने में भी असहाय, भले ही मुझे कितनी भी प्यास क्यों न लगी हो। पीउन आएगा तो वही मेरी प्यास बुझाएगा। अपने हाथों से पानी पी लूं तो साहबी कलंकित हो जाए। मैं हूं वह, दफ्तर के चार-चार कर्मचारी जिसके घर में दिन-रात काम करें और जिनका वेतन दफ्तर से जाए।

बंधुओ, मैं हूं जनता की आँखों की किरकिरी,पर नेताओं की आंखों का तारा! दफ्तर का उजियारा! प्यारा सा, खाऊ सा साहब!पटाने में नंबर वन,पटने में जीरो! जितना खाया, सब पलक झपकते पचा लिया। खाने में मेरा कोई सानी नहीं,पचाने में मुझसा कोई ज्ञानी नहीं। जो मिलता है, भगवान का प्रसाद समझ खा लेता हूं, डकार लेता हुआ व्यवस्था के गुण गा लेता हूं। जनता खुदा कसम, मुझे बीवी से भी प्यारी लगती है। प्रेमिका से भी दुलारी लगती है।

पर देखिए न भाई साहब! पत्नी मुझे देर रात तक जनता की सेवा नहीं करने देती। पांच बजे नहीं कि फोन की घंटी पर घंटी बजानी शुरू कर देती है। डरती है कि मैं कहीं खाते हुए पकड़ा न जाऊं! श्रीमती जी, खाक पकड़ा जाऊंगा? यहां तो आजकल न खाने वाले पकड़े जा रहे हैं,धड़ा- धड़,धड़ा-धड़!

लो साहब, दस बज गए! अब देखिए आते ही पहले तो सारे अधीनस्थ मुझे मक्खन लगाएंगे, जब मैं मक्खन से मक्खनमय हो जाऊंगा तो चैन से अपनी-अपनी कुर्सी पर बैठ जनता की हजामत करने के लिए अपने-अपने उस्तरे पर धार लगाने लग जाएंगे। समाज में भेड़ों की कमी नहीं, भेड़िए भले ही कम हो जाएं तो हो जाएं। समाज में भेड़ें ही भेड़े, काली भेड़ें, सफेद भेड़ें।

सच कहूं, जबसे साहब हुआ हूं, मक्खन लगवाने की आदत सी हो गई है। अधीनस्थों के हाथों में चाहे मक्खन के नाम पर कोयला ही क्यों न हो। अपनी पत्नी की जबान की कोमलता तो उनकी मक्खनबाजी के आगे फीकी लगती ही है, प्रेमिका की चिहुक भी उनकी मक्खनबाजी के आगे कौवों सी कर्कश लगती है। अब आप से छुपाना क्या! अधीनस्थों की मक्खनबाजी मुझे शारीरिक और मानसिक दोनों स्तरों पर स्वस्थ बनाती है। किसी भी साहब को जब अधीनस्थ मक्खन लगाते हैं तो साहब की सूरत देखने लायक होती है। उसका चेहरा चैहदवीं का चांद हो जाता है। वह अपनी कुर्सी से चार फुट ऊंचा हो जाता है। बिन पंखों के गिद्धों के साथ आसमान में ऊंचे, बहुत ऊंचे उड़ता ही चला जाता है। अधीनस्थ जब मुझे मक्खन लगाते हुए बताते हैं कि इससे साहब का वजन बढ़ेगा तो मेरी खुशी का ठिकाना नहीं रहता। साहब वही जिसका वजन उसके पद से दस गुणा अधिक हो।

मक्खनबाजी के दौरान मैं और मक्खनबाज एक दूसरे से आंखों ही आंखों में जी भर कर बातें करते हैं। ऐसी-ऐसी बातें जो ऐसे कदापि भी संभव नहीं। सच कहूं, मक्खन लगाने के बाद मुझे जो आंनद मिलता है.. वाह ! इस आंनद को देख स्वर्ग में देवता भी जलते होंगे। सोचते होंगे, देवता क्यों हुए? साहब क्यों न हुए! मक्खन लगवाने के बाद ऐसी गहरी नींद आती है कि मत पूछो। और मैं तब बिना किसीकी परवाह किए मजे से टांगें दो कुर्सियों पर पसार रेड लाइट जला सो जाता हूं। मैंने अपने केबिन के दरवाजे पर असल में रेड लाइट लगवा ही इसीलिए रखी है। ग्रीन बल्व फ्यूज हो तो होता रहे,पर मैं रेड बल्व का हमेशा ध्यान रखता हूं।

काम तो मरने के बाद भी होते रहेंगे। पर मक्खन लगवाना फिर षायद ही मिले। फाइलें तो दूसरा जो आएगा वह भी डील कर लेगा। नेता जी की कृपा हुई तो रिटायर होने के बाद दो-चार साल और कुर्सी पर पदिया लेंगे, मक्खन लगवा लेंगे।

मक्खन लगवाने के बाद मेरे सोने का फायदा अधीनस्थों को भी होता है। वे भी बेचारे रही-सही परेशानी से बचे रहते हैं।

अधीनस्थों की लगातार मक्खनबाजी के कारण मुझे अपनी जबान भी गंदी नहीं करनी पड़ती। मुझे मक्खन लगा वे मेरे अहंकार को शांत रखते हैं। इन बेचारों के लिए जितना करूं कम होगा। भगवान किसीके अधीनस्थों को मोक्ष कभी न दें दें। धन्य हों, मक्खनबाजी में माहिर ये अधीनस्थ! भगवान ऐसे अधीनस्थ हर साहब को दें।

मेरे अधीनस्थ बहुत ईमानदार हैं। हर भेड़ मूंडने के बाद मेरे हिस्से की ऊन मुझे बिन याद दिलाए दे देते हैं। वे सब कुछ भूल सकते हैं पर मेरा हिस्सा नहीं। दिल से गालियां देते होंगे तो देते रहें। किसीके दिल में क्या है, ये तो भगवान भी नहीं जान पाए। पर मेरे सामने साहब चालीसे का ही गान करते रहते हैं।

मेरे खास भक्त मेरे सारे कपड़े खुलवा मेरे तन-मन पर वो मक्खन लगाते हैं ,वो मक्खन लगाते हैं कि....फीमेल अधीनस्थें जब मृगनयनी आंखें गोल-गोल घुमा मेरे मन पर मक्खनी कम चंदनी लेप लगाती हैं तो सच कहूं! भूल जाता हूं कि अग्नि को साक्षी मानकर किसीके साथ सात फेरे भी लिए हैं।

राम कसम! जिस दिन छुट्टी होती है, मरना हो जाता है। काष ! जब तक साहब पद पर रहूं, कोई छुट्टी न हो। हे भगवान! अगले जन्म में भी मुझे साहब ही बनाना प्लीज! नहीं तो तब तक मेरा पैदा होना रोके रखना जब तक साहब-योनि में पैदा होने की मेरी बारी न आए।

मक्खनबाजी में लंच टाइम तो लंच टाइम, पांच कैसे बज जाते हैं ,कमबख्त पता ही नहीं चलता। कुछ प्रोफेशनल मक्खनबाज तो पांच बजे भी मुझे मक्खन लगाने से नहीं हटते। और उनके चेहरे पर तनिक भी थकान नहीं होती। भगवान ऐसे मक्खनबाजों को मेरी भी उम्र दें। चूं भी करूं तो कहना।

मक्खनबाजों द्वारा लगाए मक्खन से मुझे कितना आनंद मिलता है आप क्या जानो! मैं बताता हूं। मक्खन लगवाने के बाद मुझे किसीसे भी शिकायत नहीं रहती, भगवान से भी नहीं। मेरे अहं से जनित सारी दर्दें एकदम छू हो जाती हैं।
इस व्यवस्था में हर साहब का संवैधानिक हक है कि अपने को इतना मक्खन लगवाए, इतना मक्खन लगवाए कि जब तक वह पुनः साहब की योनि को प्राप्त न हो तब तक उसे खुश्की न हो। और साहब की त्वचा को ऐसी शाश्वत नमी कुशल मक्खन नवीस ही दे सकते हैं।

साहबों को 99 प्रतिशत तनाव मक्खनबाजों की कमी से ही होता है। दफ्तर का काम तो मात्र 1 प्रतिशत तनाव भी नहीं देता। अधीनस्थों की मक्खनबाजी साहबों को 101 प्रतिषत तनाव मुक्त रखती है।

मैं ही नहीं, मक्खनबाजी के इस खेल में मक्खनबाज भी पूरा एन्ज्वाय करते हैं। अतः आप साहब हैं तो निसंकोच मक्खन लगवाइए और यदि अगर आप अधीनस्थ हैं तो बेझिझके मक्खन लगाइए। क्योंकि मक्खन लगवाना ही जिंदगी है, मक्खन लगाना ही बंदगी है।


अशोक गौतम
द्वारा- संतोष गौतम, निर्माण शाखा,
डॉ. वाय. एस. परमार विश्वविद्यालय, नौणी,सोलन-173230 हि.प्र.

Tuesday, June 09, 2009

थिएटर के पितामह को आखिरी सलाम

कल हिन्दी कवि जगत के व्यंग्य-सूर्य ओम प्रकाश आदित्य के साथ-साथ भारतीय रंगमंच के शीर्षस्थ नाम हबीब तनवीर का सूरज भी बुझ गया। कलाजगत के इतिहास में 8 जून 2009 की तिथि रंगमंच को अनाथ कर जाने के तौर पर भी याद की जायेगी। युवा पत्राकर आलोक सिंह साहिल और चर्चित कला-समीक्षक अजित राय हबीब तनवीर को याद कर रहे हैं॰॰॰॰॰


चित्र साभार- मयंक
जिस जिस को था ये इश्क का अजार
मर गए अकसर हमारे साथ के बीमार...


मशहूर नाटककार, डायरेक्टर, कवि और एक्टर हबीब तनवीर महज एक नाम नहीं वरन ऐसी दरख्त हैं जिनकी छांव से थिएटर की दुनिया में कदम रखने वाला हर शख्स खुद को महफूज महसूस करता रहा है। एक ऐसा अंबर जिसके तले कला के न जाने कितने ही सितारे रोशन हुए। पर आज ये इंदू (नक्षत्र) खुद कहीं विलीन हो गया है। यह कुछ वैसा ही जैसे रात होने पर सूरज नजर नहीं आता....तब जबकि चांद उसकी रोशनी में ही अपनी चमक पर इतराता रहता है। काल की घनेरी छाया ने उन्हें हमसे दूर कर दिया है, लेकिन थिएटर जगत हमेशा उनकी आभा से दैदीप्यमान रहेगा।

तनवीर जन्म और आरंभिक जीवन
आगरा बाजार और चरनदास चोर जैसे कालजयी नाटकों के रचनाकार तनवीर साहब (हबीब अहमद खान) का जन्म एक सितम्बर 1923 को छत्तीसगढ़ के रायपुर में हफीज अहमद खान के घर हुआ था, जो मूलत: पाकिस्तान के पेशावर से यहां आए थे।
जाना रंगमंच के शताब्दी पुरुष का
हबीब तनवीर के रंगकर्म में हमें भारतीय परंपरा, लोक और वैश्विक दृष्टि का जो समन्वय दिखाई देता है, वह विकासमान जन संस्कृति का वैकल्पिक मॉडल है। उन्होंने बार-बार कहा है कि रंगमंच का मूल उद्देश्य दर्शकों को आनंद प्रदान करना है। लेकिन उनके किसी नाट्य लेख का गैर-राजनीतिक पाठ संभव नहीं है। उनका अंतिम नाटक ‘राजरक्त’ (रवींद्र नाथ टैगोर) भी धर्म और सत्ता की टकराहटों में विकसित होता है। हबीब तनवीर को जीवन में कई सम्मान और पुरस्कार मिले। उनके नाटक ‘चरणदास चोर’ के लिए उन्हें विश्व के सबसे प्रतिष्ठित नाटक समारोह में ‘फ्रिज फस्र्ट’ अवार्ड एडिनबरा, इंग्लैंड में मिला। 1969 में उन्हें प्रतिष्ठित ‘संगीत नाटक अकादमी’ पुरस्कार भी मिला। तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की पहल पर उन्हें राष्ट्रपति द्वारा राज्यसभा में मनोनीत किया गया। हबीब तनवीर ने हालांकि दिल्ली में 1948 से ही नाटक करना शुरू कर दिया था, लेकिन 1954 में प्रस्तुत ‘आगरा बाजार’ से उन्हें अभूतपूर्व ख्याति मिली। 1973 में उन्होंने छत्तीसगढ़ी आदिवासी कलाकारों के साथ प्रयोग करना शुरू किया। विजयदान देथा की कहानी पर आधारित ‘चरणदास चोर’ (1975) से उन्हें विश्व भर में ख्याति मिली। इसी साल जनवरी में 86 साल की उम्र में उन्होंने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय, वर्धा में ‘चरणदास चोर’ का निर्देशन-मंचन किया था। इस नाटक में हवलदार के रूप में निभाई गई उनकी भूमिका सदा याद की जाएगी। उन्होंने भारत-पाक विभाजन पर आधारित असगर वजाहत के नाटक ‘जिस लाहौर नइ वेख्यां वो जम्यइ नइ’ का 1990 में श्रीराम सेंटर रंगमंडल के कलाकारों के साथ मंचन किया था। अस्पताल में भर्ती होने से पहले वह इसे दोबारा तैयार करने में लगे हुए थे। इस वर्ष इस नाटक के मंचन के बीस वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर पूरे साल दुनिया भर में इस नाटक का उत्सव मनाया जाने वाला है।

रंगमंच से क्रांति नहीं हो सकती जैसा उद्घोष
यह एक संयोग ही था कि जब 1 सितंबर, 2002 को राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में हबीब तनवीर का 80वां जन्मदिन मनाया जा रहा था, तो ब. व. कारंथ के निधन की खबर ने सबको शोकाकुल कर दिया। कुछ साल पहले अपनी धर्मपत्नी मोनिका मिश्र के निधन पर वह भीतर से टूट गए थे। मिलने पर वह अकसर कहते कि उन्हें अपनी आत्मकथा पूरी करनी है। कुछ वर्ष पूर्व अपने दो नाटकों के कारण वह मध्य प्रदेश में हिंदू कट्टरपंथियों के हमलों का शिकार हुए थे। विचारों से वामपंथी होने के बावजूद वह बार-बार कहते थे कि रंगमंच से क्रांति नहीं हो सकती। रंगमंच को रंगमंच रहने दिया जाए।

जिम्मेदारी विरासत बढ़ाने की
हबीब तनवीर के जाने के बाद भारतीय रंगमंच ने अपना एक ‘आइकन’ खो दिया है। उन्होंने शहरी रंगमंच को छोड़कर ग्रामीण रंगमंच को चुनने का कठिन जोखिम उठाया। उन्होंने स्थानीयता को वैश्विक पहचान दी। उनकी फिदा बाई जैसी कई अभिनेत्रियाँ जीते जी किवदंती बन गर्इं। उनकी इकलौती बेटी नगीन तनवीर के सामने ‘नया थिएटर’ भी चलाने की जिम्मेदारी है। हालांकि नगीन हमेशा इस जिम्मेदारी से बचने की घोषणा करती रही हैं। हबीब साहब अकसर कहते थे कि किसी के जाने से कोई काल नहीं रुक सकता। उन्हें यकीन था कि कोई न कोई उनके काल को आगे बढ़ाएगा। जिस हिंदी रंगमंच को उन्होंने इतना दिया, आज उन पर हिंदी में एक भी ढंग की किताब का न होना दु:खद है। हिंदी समाज कब तक अपने नाटकों के मरने का इंतजार करता रहेगा। अभी हाल तक उनका कोई नाटक प्रकाशित नहीं था। अब जब वह हमारे बीच नहीं हैं तो हमें चाहिए कि हम उनकी महत्वपूर्ण विरासत को आगे बढ़ाएं। हमें नगीन तनवीर को दिलासा दिलाना चाहिए कि इस घड़ी में हम उनके साथ हैं।
--अजित राय
हाई स्कूल तक की पढ़ाई उन्होंने लौरी मुनिसिपल हाई स्कूल, रायपुर से की। फिर 1944 में नागपुर के मौरिस कॉलेज से बीए की पढ़ाई करने के बाद एमए करने वे अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी चले गए।
युवावस्था से ही उन्होंने कविताएं लिखना शुरू कर दिया और इस तरह हबीब अहमद खान अब अपने तखल्लुस तनवीर के साथ हबीब तनवीर बन गए।

रेडियो से हुई करियर की शुरूआत
एमए की पढ़ाई बीच में ही छोड़कर वे 1945 में बॉम्बे (आज की मुंबई) चले गए जहां वे ऑल इंडिया रेडियो से प्रोड्यूसर के रूप में जुड़ गए। साथ ही हिंदी फिल्मों के लिए गीत लिखना भी शुरू कर दिया। जल्द ही वे प्रोग्रेसिव राइटर्स एसोसिएशन से जुड़ गए। आगे चलकर वे इंडियन पीपल्स थिएटर एसोसिएशन(इप्टा) से जुड़े और उसी के होकर रह गए।

जिस समय वे इप्टा से जुड़े उस समय देश गुलामी की जंजीरों में जकड़ा आजादी की लड़ाई लड़ रहा था। उस समय मशहूर अभिनेता और थिएटर एक्टर बलराज साहनी साहब इप्टा की कमान संभाले हुए थे। दुर्भाग्यवश ब्रितानिया हुकूमत को रंगमंच के माध्यम से इन रंगकारों की जनक्रांति रास नहीं आई और उन्होंने बलराज साहनी समेत सभी प्रमुख लोगों को सलाखों के पीछे ढ़केल दिया गया था।

ये वह समय था जब हबीब तनवीर ने अभिनय का ककहरा सीखना ही शुरू किया था। लेकिन सभी बड़े लोगों (गुरुओं) के जेल चले जाने से वे बिल्कुल टूट से गए थे।

तन्हा संघर्ष
इतिहास जब बनना होता है तो अकसर कुछ छोटी घटनाएं कारक के रूप में सामने आ जाती हैं। कुछ ऐसा ही हुआ, तन्हा और कमजोर पड़ चुके तनवीर साहब जब जेल में बलराज साहब से मिलने पहुंचे तो बलराज साहब ने उनके कंधे पर पूरे इप्टा का भार डाल दिया। सच्चाई यह थी कि उन्हें उस वक्त न तो लिखना आता था और न ही सही से अभिनय करना, लेकिन गुरू की आज्ञा का पालन करते हुए तनवीर साहब ने जैसे-तैसे नाटक लिखना शुरू किया। वे पूरे समय कहानी लिखते, लोगों को इकट्ठा करते और उनसे नाटक करवाते। प्रॉम्टिंग से लगाए, गाना, मेकअप करना जैसे सारा काम वह खुद ही करते थे। समय के साथ-साथ उनकी कलम और अभिनय में धार आती गई और वे अभिनय के उस मकाम पर पहुंच गए...जहां उनके बाद कोई दूसरा पहुंचने की सोच भी न सका।

जब खाया थप्पड़
एक और घटना का उल्लेख मौजूं होगा। बात उस समय की है जब अभिनय का यह वटवृक्ष अभी पल्लवित हो रहा था। बलराज साहब एक नाटक का निर्देशन कर रहे थे, उस नाटक के एक दृश्य में तनवीर साहब को रोने की एक्टिंग करनी थी। लेकिन बार-बार कोशिश करने के बावजूद वे रो नहीं पा रहे थे। वास्तव में, उन्हें झिझक हो रही थी। कई बार प्रयास करने पर भी जब स्थिति जस की तस बनी रही तब बलराज साहब मंच पर चढ़े और एक जोरदार तमाचा उन्हें रसीद कर दिया, फिर क्या था तनवीर साहब ऐसे रोए कि खुद उनके गुरू भी अचंभित हो गए। इस तरह उनकी अभिनय यात्रा दिन-ब-दिन बढ़ती चली गई। वे हमेशा इस बात को मानते रहे कि बलराज साहब का थप्पड़ न खाते जाने कहां खाक छान रहे होते।

दिल्ली का रुख
इसी दौरान देश आजाद हो गया। आजादी के बाद सात सालों तक वे वहीं (बॉम्बे) अपने कला को मांझते रहे। इसके बाद 1954 में उन्होंने दिल्ली का रुख किया। यहां उन्होंने कद्सिया जैदी के हिंदुस्तानी थिएटर और चिल्ड्रेंस थिएटर के साथ अनेकों नाटकों में काम किया। इसी बीच उनकी जिंदगी में मोहतरमा मोनिका मिश्रा का आगमन हुआ जो बाद में उनकी पत्नी बनीं।

इसी साल यानी 1954 में उन्होंने अपना कालजयी नाटक आगरा बाजार तैयार किया। इसकी खास बात यह थी कि इसमें उन्होंने किसी ट्रेंड एक्टर को नहीं लिया था बल्कि लोकल नॉन ट्रेंड लोगों को लिया था। इस सफल अनुभव ने उन्हें इस कदर उत्साहित किया कि फिर वे छत्तीसगढ़ में ऐसे ही नॉन ट्रेंड लोगों के साथ मिलकर उन्हें संवारने में जुट गए।

हबीब तनवीर के नाटक

आगरा बाजार (1954)
शतरंज के मोगरे (1954)
लाला शोहरत राय (1954)
मिट्टी की गाड़ी (1958)
गांव के नांव ससुराल,
मोर नांव दामाद (1973)
चरनदास चोर (1975)
उत्तर रामचरित्र (1977)
बहादुर कलरीन (1978)
पोंगा पंडित
जिस लाहौर नई देख्या (1990)
कामदेव का अपना बसंत रितु का सपना (1993)
जहरीली हवा (2002)
राज रक्त (2006)
बर्लिन के आठ महीने
उनकी जिंदगी में एक घटना और घटी जिसने उनको थिएटर को रूट लेवल तक ले जाने में मदद किया। वह था उनका 1955 में इंग्लैंड जाना, जहां उन्होंने दो सालों तक अभिनय और निर्देशन का प्रशिक्षण लिया। इसी दौरान उन्हें बर्लिन में तकरीबन 8 महीने रहने का मौका मिला। इस दौरान उन्होंने वहां बहुत सारे नाटक देखे। सौभाग्यवश उन्हें यूरोप के प्रख्यात नाटककार बर्टोल्ट ब्रेच्ट के नाटको को भी देखने का मौका मिला। इसमें उन्होंने पाया कि वे लोकल मुहावरों और लोकोक्तियों का जमकर प्रयोग करते थे। इससे वे बहुत प्रभावित हुए। बाद में भारत लौटकर उन्होंने इसी चीज को अपने नाटकों में अपनाया। इन्हीं विशेषताओं ने उन्हें रूट लेवल तक अपनी पकड़ बनाने में मदद की।
नया थिएटर का जन्म 1958 में जब वे लौटकर भारत आए तो छत्तीसगढ़ी भाषा में अपना पहला महत्वपूर्ण नाटक मिट्टी की गाड़ी बनाई। इसकी सफलता ने आगे चलकर नया थिएटर के शुरुआत का मार्ग प्रशस्त किया। और 1959 में उन्होंने अपनी पत्नी मोनिका मिश्रा के साथ भोपाल में नया थिएटर की स्थापना की।

उनका रंगकर्म पूरे उफान पर था कि 1972 में में एक और बड़ी क्रांतिकारी घटना घटी। छत्तीसगढ़ की लोककथा पर उन्होंने गांव का नाम ससुराल, मोर नाम दामाद, का निर्माण किया, जिसने धमाल मचा दिया। इसने उनके नाट्य जीवन को एक अलग मुकाम और बुलंदी बख्शी।

चरनदास चोर ने गढ़ी थिएटर की नई परिभाषा
वक्त के साथ तनवीर साहब की सीमाएं बढ़ती जा रही थीं। उनकी ख्याति सरहद पार बहुत दूर तक पहुंचने लगी थी। जब भी थिएटर की बात आती तनवीर साहब को याद किया जाता। 1975 में वह समय आया जब उन्होंने मॉडर्न थिएटर की नई परिभाषा गढ़ते हुए चरनदास चोर रचा। इसकी सफलता का आलम यह रहा कि मशहूर निर्देशक श्याम बेनेगल ने इस नाटक को इसी नाम से स्मिता पाटिल जैसी अभिनेत्री के साथ बड़े पर्दे पर पेश किया।

थिएटर की दुनिया से इतर उन्होंने 9 फीचर फिल्मों में भी काम किया, जिसमें रिचर्ड एटनबर्ग की गांधी भी शामिल है।
हर सफल इंसान के साथ कुछ स्याह पहलू भी उनकी जिंदगी में वह दौर भी आया जब उनका नाटक पोंगा पंडित कट्टरपथियों के निशाने पर आया। अपनी दो किताबों को लेकर उनपर जानलेवा हमले भी हुए।
2005 में उनकी जिंदगी और नया थिएटर परे एक डाक्यूमेंटरी फिल्म गांव के नांव थिएटर, मोर नांव हबीब (मेरा गांव थिएटर है, मेरा नाम हबीब है) भी बनी।

आखिर के तन्हा दिन
अपनी पत्नी मोनिका से बेइंतहां मोहब्बत करने वाले हबीब तनवीर 2005 में उनकी मौत के बाद बिल्कुल तन्हा हो चले थे और टूट गए थे। उसके बाद भी अगर वह जिंदा थे तो इसकी वजह शायद उनकी रगों में दौड़ता रंगकर्म था, जो उन्हें तयशुदा मिशन को पूरा किए बगैर जाने की इजाजत नहीं देता।

उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।

--आलोक सिंह साहिल

हिंदी मंचों के कविसूर्य थे ओम प्रकाश आदित्य

कल हिन्दी कविता की मंचीय परम्परा को समृद्ध करने वाले वरिष्ठ हास्य-व्यंग्य कवि ओमप्रकाश आदित्य की एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। हिन्दी काव्य जगत इस कवि के चले जाने के बाद शोकाकुल है। हिन्द-युग्म के कवि अरुण मित्तल अद्‍भुत कवि आदित्य के प्रति अपनी यह श्रद्धाँजलि अर्पित की है-


हिंदी मंचो के कविसूर्य श्रद्धेय श्री ओम प्रकाश 'आदित्य'


हिंदी काव्य मंचो पर यदि तीन शब्दों को जोड़ा जाए - कविता, हास्य और छंद, तो मात्र एक ही नाम जहन में आएगा और वो होगा श्री ओम प्रकाश 'आदित्य', सुकोमल चेहरा, अल्हड भाषा, उच्चारण में मिठास, शब्दों में सम्मोहन की शक्ति, क्या नहीं था उस महान साहित्य मनीषी के पास, आज गजल और गीत में संस्कार है, जीवन दर्शन है, छंद है परन्तु वो इस पीढी के एकमात्र ऐसे रचनाकार दिखे जिन्होंने इन सभी जरूरी भावों को हास्य की सहजता के साथ प्रस्तुत किया. सचमुच आदित्य दादा ने मंचो पर हास्य का एक ऐसा युग जिया, और एक ऐसा स्तर स्थापित किया जिसे आने वाले युग में किसी कवि द्बारा छू पाना सरल नहीं होगा. उनका कोई सानी नहीं था. मंच पर आते ही मधुर सी भूमिका, सरल और अल्हड शब्दों में कवियों का अभिवादन, छोटे बड़े सभी कवियों को प्यार और सम्मान उनका नियम था.

सादगी आदित्य दा की पोशाक थी. उन्होंने काव्य पाठ के लिए कभी चुटकुलों का सहारा नहीं लिया, कभी किसी पर फब्तियां नहीं कसी, कभी किसी का भूल से भी मजाक नहीं बनाया, मंचों के स्तरहीन टोटकों से हमेशा परे रहकर अपनी बात कहने का अद्भुत हुनर हर किसी को उनका दीवाना बना देता था.
आदित्य जी घनाक्षरी छंदों से काव्यपाठ की शुरुआत करते थे दो चार छंद और एक दो प्रतिनिधि कवितायेँ और बीच बीच में उनके संस्मरण जो वास्तव में प्रेरणा दायक होते थे, मैं हरदम कहता हूँ की "हास्य में कविता" और वो भी 'छंद' के साथ, मुझे बहुत ज्यादा नाम नहीं सूझते 'गोपाल प्रसाद व्यास, काका हाथरसी और फिर घूम फिरकर आदित्य दा. उनके छंद पढने का अंदाज़ निराला था. हर शब्द को चबा चबा कर बोलना और साहित्यिक शैली में हास्य की बात घनाक्षरी छंदों में लिखना एक छोटा सा उदहारण है


"अबके चुनाव की लहर ने कहर ढाया, नदियों के साथ कैसे कैसे नाले बह गए
उल्लुओं को अम्बुआ की डाल पर देख कर, हौसले बसंत के अनंत तक ढह गए
भारत में कभी गंगू तेलियों का राज होगा, जाते जाते राजा भोज मंत्रियों से कह गए
चाँद से चरित्र वाले नेता सब चले गए, नेताओं के नाम पर ये कलंक रह गए


उनकी उपमाएं और उपमान अद्वितीय थे. उन्होंने हर प्रकार का हास्य लिखा, छोटी बहर के छन्दों में भी, घनाक्षरी तो उनका प्रिय छंद रहा ही, आल्हा छंद में पूरी राजनीति का चरित्र बांधकर जब वो सुनाते थे तो श्रोता झूम उठते थे, एक उदहारण है

सुमरण कर के मंत्रिपद का, भ्रष्टाचार का ध्यान लगाय
करुँ वंदना उस कुर्सी की, जिस पे सबका मन ललचाय
बिन बिजली के कैसा बादल, बिन पूँजी क्या साहूकार

बिन बन्दूक करे क्या गोली, बिना मूठ कैसी तलवार

बिना डंक बिच्छु क्या मारे, फन बिन सांप डसे क्या जाय,
रूप बिना वेश्या क्या पावै, घूस बिना अफसर क्या खाय

बिन जल के मछली ना जीवे, बिन जंगल न जिए सियार
बिन कुर्सी मंत्री न जीवे, जो जीवे उसको धिक्कार


इसी आल्हा में हर्षद मेहता काण्ड के कारण हुए विवाद पर लिखा-

"कुर्सी छोडो, कुर्सी छोडो गूँज उठा संसद में नाद,
दिल्ली में नरसिम्हा रोये, आँसू गिरे हैदराबाद


उन्होंने हास्य के हर पहलू को जिया, एक छंद की अंतिम पंक्ति है :

पिछले चुनावों से वो मेरा गधा लापता है,
ढूँढने आया हूँ उसे संसद भवन में


एक और कविता में उन्होंने बहुत अच्छा हास्य और व्यंग पिरोया है, जो पिछले दिनों काफी चर्चित रही :

इधर भी गधे हैं, उधर भी गधे हैं
जिधर देखता हूँ गधे ही गधे हैं
......
घोडों को मिलती नहीं घास देखो
गधे खा रहे हैं च्वयनप्राश देखो


आदित्य जी के साहित्य के बारे में जितना लिखो कम है उन्होंने एक ऐसा प्रयोग भी किया जो सचमुच उनके साहित्य के प्रति समर्पण और अपने साथी और अग्रज कवियों के प्रति सम्मान को दिखता है. इतना ही नहीं उस प्रयोग से उनकी साहित्यिक प्रतिभा के विस्तार का भी सहज ही अनुमान हो जाता है. उन्होंने एक ऐसी कविता लिखी कि एक विशेष स्थिति पर यदि १०-१२ हिंदी के प्रसिद्द कवियों को लिखने के लिए कहा जाता तो वो कैसा लिखते. स्थिति थी की एक लड़की अपने घर वालों से लड़कर छत पर बैठी है और कूदकर मरना चाहती है, हालांकि इस कविता में काफी कवियों की शैली में उन्होंने लिखा है परन्तु मैं दो उदाहरण जो सचमुच विचित्र ही नहीं बल्कि विधा में भी विपरीत से ही लगते हैं प्रस्तुत कर रहा हूँ

सुमित्रा नंदन पन्त जी की शैली में :


स्वर्ण शोध के रजत शिखर पर
चिर नूतन चिर सुन्दर प्रतिपल
उन्मन उन्मन अपलक नीरव
शशि मुख पर कोमल कुंतल पट
कसमस कसमस चिर यौवन घट
पल पल प्रतिपल, छल छल करती निर्मल दृगजल
ज्यों निर्झर के दो नील कवँल
ये रूप चपल ज्यों धुप धवल
अति मौन कौन, रूपसी बोलो
प्रिय बोलो न


काका हाथरसी जी की शैली में

गौरी बैठी छत पर, कूदन को तैयार
नीचे पक्का फर्श है, भली करै करतार
भली करै करतां, न दे दे कोई धक्का
ऊपर मोटी नार के नीचे पतरे कक्का
कह काका कविराय, अरी मत आगे बढ़ना
उधर कूदना, मेरे ऊपर मत गिर पड़ना



और न जाने कितनी ही कवितायेँ मेरे मन में रम, रच बस गयी हैं, विद्यार्थी की प्रार्थना, दुल्हे की घोडी, संपादक पर कविता, बूढा, आधुनिक शादी, नोट की आरती आदि आदि ..... आदित्य जी ने देश के स्वाभिमान की बात जहाँ भी आई वहाँ वहाँ खुलकर बोला, अंग्रेजी के प्रसिद्द लेखक और पत्रकार खुशवंत सिंह द्बारा हिंदी भाषा पर की गयी अपमानजनक टिप्पणी पर उन्होंने "ओ खुशवन्ता" नाम से कविता लिखी जिसे मंचो पर काफी स्नेह मिला...

कविता की प्रारंभिक पंक्तियाँ थी


ओ खुशवन्ता
भारत में चरता विचरंता
अंग्रेजी की बात करंता
हिंदी दिए दरिद्र दिखंता
क्यों लन्दन जा नहीं बसंता


केवल हास्य ही नहीं जहाँ कही भी उन्हें लगा की रस परिवर्तन की जरूरत है, उन्होंने वो भी किया उनकी कविता "सैनिक की पत्नी का पत्र" इस बात का प्रमाण है जिसमे एक छंद में उन्होंने लिखा:

"आप सीमा पर गए चिंता इसकी नहीं है
दुःख यही है की प्राण मैं भी कुछ धारती
मुझे एक बन्दूक थमा के चले जाते
चुन चुन कर यहाँ देश द्रोहियों को मारती
आप क्रुद्ध होके वहां सीमा पर युद्ध करें
पूजा पाठ में समय मैं यहाँ गुजारती
मात्रि भूमि मंदिर में वन्दे मातरम गाके
विजयी तिरंगे की उतारती हूँ आरती


मैंने उनको बचपन से सुना है, पढ़ा है और मनन भी किया है, मेरे पापा श्री महावीर प्रसाद मित्तल न केवल कविताओं के शौकीन रहे बल्कि उन्होंने मुझे आदित्य जी की कई कवितायेँ सुनाई भी और याद भी करवा दी, आदित्य जी की पहली कविता जो मुझे याद हुई वो चुनावी परिप्रेक्ष्य में थी जिसमे प्रधानमंत्री की कुर्सी की पीडा का वर्णन था.

देखो पी एम् की कुर्सी बिचारी बताओ मैं किसको वरूं
न मैं ब्याही रही न कुवांरी बताओ मैं किसको वरूं


और अनेक कवितायेँ और अनेक रूप हैं आदित्य जी के साहित्य सृजन के, जीवन की सरलता के सम्बन्ध में उनका एक सार्थक छंद, भाई चिराग जैन जी के ब्लॉग से उठाकर परोस रहा हूँ,

दाल-रोटी दी तो दाल-रोटी खा के सो गया मैं
आँसू दिये तूने आँसू पिए जा रहा हूँ मैं
दुख दिए तूने मैंने कभी न शिक़ायत की
जब सुख दिए सुख लिए जा रहा हूँ मैं
पतित हूँ मैं तो तू भी तो पतित पावन है
जो तू करा ता है वही किए जा रहा हूँ मैं
मृत्यु का बुलावा जब भेजेगा तो आ जाउंगा
तूने कहा जिए जा तो जिए जा रहा हूँ मैं


सचमुच "दुल्हे की घोडी", एक विशुध्ध हास्य कविता में "जीवन दर्शन" की इतनी सार गर्भित पंक्तियाँ सुनकर उन्हें नमन करने पर विवश हो गया: (घोडी भाग रही है और दूल्हा पीठ से चिपका हुआ है, घोडी के भागने की गति पर)

घोडी चलचित्र सी
युग के चरित्र सी
कुल के कुपात्र सी
आवारा छात्र से
पथ भ्रष्ट योगी सी
कामातुर भोगी सी
उच्छल तरंग सी
अतुकांत कविता सी
और छंद भंग सी

दौडी चली जा रही थी ...........


१५ नवम्बर, २००७ को दस्तक नयी पीढी नाम से एक काव्य संध्या का आयोजन हुआ जिसमे १५ युवा कवियों ने काव्य पाठ किया, जिनमे एक मैं भी था, सञ्चालन भाई चिराग जैन ने किया, आदित्य दादा, अल्हड बीकानेरी जी और डॉ कुंवर बेचैन जी उसमे विशेष रूप से युवा कवियों में संभावनाएं तलाशने के लिए उपस्थित थे, पूरे कवि सम्मलेन में न केवल उन्होंने हर कवि को मन से सुना बल्कि अंत में आदित्य जी ने सबकी प्रतिभा की सराहना भी की और लगभग हर कवि से सम्बंधित बात करते हुए आशीर्वचन भी कहे.... ये प्रमाण था उनके साहित्य के प्रति समर्पण का, वो चाहते थे की मंच पर अच्छे स्तर की कविता हो और उसी की तलाश में उन्होंने हर नौसीखिए कवि के एक एक शब्द को सुना.

यह तय है की आदित्य जी की रचना धर्मिता को शब्दों में नहीं बाँधा जा सकता, वो एक ऐसा व्यक्तित्व था जो हमेशा हमेशा के लिए अपनी कविताओं से हमारे दिल में बस गया. उनका कवि परवार से अकस्मात चले जाना एक अपूर्णीय क्षति है, आदित्य जी आज भी कहीं आँखों में तस्वीर बनकर बसे हैं सीरी फोर्ट ऑडिटोरियम दिल्ली में, काव्य पाठ करते कवि ओमप्रकाश आदित्य, हिंदी भवन में "दस्तक नयी पीढी की' कार्यक्रम में श्री जगदीश मित्तल जी के जन्मदिवस पर युवा कवियों को आर्शीवाद देते पितामह कवि आदित्य जी. हर समय उतने ही सरल, सौम्य, और सचमुच के बड़े कवि. कौन कहता है की वो चले गए ......... साहित्यकार कभी नहीं मरते, अमर होते हैं .... आदित्य दादा आज भी हम सब के दिलों में हैं, हर मंच पर आज भी उनकी अमिट छाप है, हमारी जुबान पर आज भी उनकी कवितायेँ हैं, वो हम सब में बसे हैं ........ समस्त हिंदी साहित्य उनके ईमानदार साहित्य सृजन का ऋणि रहेगा

Monday, June 08, 2009

कपास की खपत में होगा सुधार लेकिन भाव कम

काफी समय तक वैश्विक मंदे का असर चलने के बाद कपड़ा उद्योग में गतिविधियां तेज हो गई हैं। और आने वालों में महीनों में खपत और बढ़ेगी। साथ ही भारत और पाकिस्तान में आगामी वर्ष कपास की खपत में भी बढ़ोतरी होगी।
इसका असर विश्व बाजार में कपास के सप्लाई, मांग और खपत के साथ ही भाव पर भी पड़ेगा।
आगामी सितत्बर को समाप्त हो रहे वर्ष के दौरान भारत में कपास की खपत अिध्क होगी। आगामी वर्ष भी भारत में कपास की खपत में बढ़ोतरी के अनुमान लगाए जा रहे हैं। यही नहीं, पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी कपास की खपत में बढ़ोतरी का अनुमान है।

उल्लेखनीय है कि गत वर्ष की अंतिम तिमाही तक विश्व में कपास की खपत में कमी आ रही थी।
आगामी वर्ष भारत में कपास का उत्पादन बढ़ कर 325 लाख गांठ हो जाने का अनुमान है जबकि इस वर्ष उत्पादन घट कर 290 लाख गांठ रह गया था।

विश्व
रिपोर्ट के अनुसार आगामी वर्ष विश्व में कपास की खपत 232.6 लाख टन होने का अनुमान है जबकि गत माह इसने 230.9 लाख टन का अनुमान लगाया था। इस वर्ष का अनुमान 227.4 लाख टन का है।
दूसरी ओर, विश्व में कपास का उत्पादन 231.3 लाख टन होने का अनुमान है जबकि गत वर्ष उत्पादन 233.5 लाख टन हुआ था। इसका कारण अनेक देशों में किसानो द्वारा कपास के स्थान पर अन्य फसलों की खेती किया जाना है।

भाव
विश्व में लगातार तीसरे वर्ष कपास के भाव में गिरावट आएगी। वर्ष 2009-10 में कपास का उत्पादन एक प्रतिशत घट कर 234 लाख टन होने का अनुमान है क्योंकि चीन, ब्राजील, तुकीZ, पश्चिमी अफ्रीका और उज्बेकिस्तान में उत्पादन कम होने की आशंका है। दूसरी ओर, भारत में कपास के उत्पादन में भारी बढ़ोतरी का अनुमान है। अमेरिका मे भी कपास के उत्पादन में कुछ अधिक होने का अनुमान है।

विश्व में मिलों में की खपत 2 प्रतिशत बढ़ कर 233 लाख टन हो जाने का अनुमान है। इसके अनुसार चीन, भारत, पाकिस्तान, बंगलादेश, वियतनाम आदि देशों में खपत में वृद्वि का अनुमान है। अमेरिका में आगामी वर्ष भी कपास की खपत में कमी आने का अनुमान है। एशिया के कुछ छोटे देशोें और यूरोप में भी कपास की खपत में कमी की आशंका है।

स्पिनिंग मिलों की मांग कमजोर होने के कारण विश्व में कपास के भाव गत वर्ष की तुलना में लगभग 25 प्रतिशत नीचे चल रहे हैं। आगामी वर्ष भी भाव में कमी आने की आशंका है। कपास का वैश्विक स्टाक बढ़ने का अनुमान है। वर्ष 2009-10 में कॉटलुक इंडैक्स इस वर्ष के स्तर 60 सेंट से घट कर 54 सेंट प्रति पौंड पर आ सकता है।
वर्ष 2009-10 कें अंत में विश्व में कपास का स्टाक बढ़ कर 132 लाख टन तक जा सकता है।

कारोबार
विश्व में कपास का कारोबार 8 प्रतिशत बढ़ कर 65 लाख टन होने का अनुमान है। चीनी सरकार द्वारा रिर्जव स्टाक से कपास बेचे जाने की नीति के कारण उसके आयात में 14.5 लाख टन पर मामूली वृद्वि का अनुमान है।
भारत से कपास के निर्यात में बढ़ोतरी होगी। अनुमान है कि भारत से निर्यात लगभग तीन गुणा बढ़ कर 11 लाख टन हो जाएगा। दूसरी ओर, अमेरिका से आयात का निर्यात लगभग 11 प्रतिशत घट कर 23 लाख टन रह जाने का अनुमान है।

--राजेश शर्मा

Saturday, June 06, 2009

नदियों के प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिये व्यापक नीतिगत परिवर्तन की ज़रूरत

आज विश्व पर्यावरण दिवस है। हम हैं तो हमारा पर्यावरण है, हमारा पर्यावरण है तो हम हैं। हमारा पर्यावरण अगर सेहतमंद नहीं हैं तो हम अपने स्वास्थ्य के प्रति निश्चिंत नहीं हो सकते। भारत की बहुत सी नदियों पर जलप्रदूषण-संकट के बादल मंडरा रहे हैं। हालाँकि बहुत सी योजनाएँ और सरकारी प्रयास नदियों के प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिये किये जा रहे हैं। फिर भी पर्यावरण विशेषज्ञ गोपाल कृष्ण इसे पर्याप्त नहीं मानते और नदियों के प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए व्यापक नीतिगत परिवर्तन की वक़ालत करते हैं। युवा पत्रकार रेशमा भारती ने उनसे बात की, प्रस्तुत है उसके कुछ अंश-

रेशमा- भारत में प्रदूषण स्तर को कम करने के लिये हो रहे वर्तमान प्रयास अपर्याप्त क्यों हैं?

गोपाल कृष्ण- जल की गुणवत्ता, मात्रा और भूमि का उपयोग आपस में संबन्धित विषय हैं। इसे हम संग्रहण क्षेत्र से अलग करके नहीं सुलझा सकते, जिसे ब्रिटिश साम्राज्यकाल से ही अलग-अलग कर दिया गया था। नदी के संग्रहण क्षेत्र आधारित औद्योगिकीय कदम कोई यथार्थ विकल्प नहीं है। हमारी लचर कानून व्यवस्था से जुड़ी कुछ समस्याओं और हमारे सीवेज प्लाँट की कमियों की ओर पहले ही ध्यान दिया जा चुका है। लेकिन औद्योगिकीकरण और शहरणीकरण के वर्तमान स्वरूप के कारण नदियों की बिगड़ती हालत की ओर अभी भी लोगों का ध्यान नहीं गया है। अगर हम सही मायनों में नदियों के प्रदूषण को कम करने में सफल होना चाहते हैं तो या तो हमें नियमों में व्यापक परिवर्तन करने होंगे या संपूर्ण नीति में ही बदलाव करना होगा।
दूसरा कारण यह भी है कि जो प्रदूषण के लिये जिम्मेदार हैं विशेषतरूप से वह समुदाय नदियों के किनारे निवास करते हैं और जो इसे कम करने में योगदान दे सकते हैं, दोनो में शक्ति संतुलन चाहिये। लेकिन ये शक्ति संतुलन वर्तमान में प्रदूषणकर्ता का पक्षपाती है। वर्तमान प्रणाली प्रदूषण फैलाने वालों के पक्ष में और विरोध करने वालों के विपक्ष में है। इसमें बदलाव होना चाहिये। और जो समुदाय प्रदूषण को बचाने के काम में संलग्न हैं, उन्हें इतने अधिकार मिलने चाहिये कि वो प्रदूषणकर्ताओं के सामने डटकर खड़े हो सकें। और जो समुदाय पर्यावरण की सुरक्षा में रत हैं उनके काम को महत्व मिलना चाहिये।

रेश्मा- क्योंकि नदियों को बहुत से लोग पवित्र मानते हैं तो क्या जनसाधारण को प्रदूषण समाप्त करने के लिए लामबंद किया जा सकता है?

गोपाल कृष्ण- हाँ, कुछ उदाहरण हैं जो लोगों के सम्मिलित प्रयास की क्षमता को बताते हैं। पंजाब में बाबा बलबीर सिह सीँचेवाल ने एक पवित्र नदी काली बेन जोकि 160 किमी लम्बी है। यह नदी छः कस्बों और चालीस गाँवों के लिये गंदा नाला बन चुकी थी। उसे सींचेवाल ने लोगों के सहयोग से साफ किया। ये बहुत रोचक बात है कि उन्होंने उनको चुनौती दी जिन्होंने उनका प्रतिरोध किया और कहा कि आप कोई ऐसा कानून दिखाओ जो पानी को प्रदूषित करने की अनुमति देता हो।

पवित्र नदियों पर व्यापक तर्क-वितर्क होने चाहिये। सभी नदियों के पानी के स्रोत और उनके आस पास की ज़मीन पवित्र है। हम गंगा जैसी केवल एक या दो नदियों पर ही खुद को केंद्रित नहीं कर सकते। भारत जैसे बहुसांस्कृतिक और बड़े देश में अलग-अलग स्थानों के लोगों लिए अलग-अलग नदियाँ पवित्र हैं। इसलिये नदियों में प्रदूषण को बचाने के लिये हमारी चिन्ता देश की सभी नदियों के लिये लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिये होनी चाहिये। अगर कोई जबरन हमारे घर में घुसता है तो वो सीमा अतिक्रमण का अपराधी माना जाता है। औद्योगिक प्रदूषण हमारी रक्त वाहनियों में घुस कर स्वास्थ्य संकट पैदा कर रहा है।

राजनैतिक दल जिन्हें उद्योगपति ही फंड (धन) देते हैं, वे केवल लोगों को भावनात्मक और मौखिक आश्वासन ही देते हैं और ऐसे नीति परिवर्तन से मुँह चुराते हैं, जो नदियों के संरक्षण के लिये जरूरी हैं। सरकार चुनाव लड़ने और जनसाधारण को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए जब तक पार्टियों को धन मुहैया नहीं कराती है, तब तक नदियों की जल-गुणवत्ता, जल-उपलब्धता और भूस्वास्थ्य को सुनिश्चित कर पाना मुश्किल होगा।

रेशमा- नदियों के संरक्षण के लिये कौन से व्यापक नीति परिवर्तनों की आवश्यकता है?

गोपाल कृष्ण- नदियों का संरक्षण हमारी शहरीकरण, उद्योग, जल, भूमि, कृषि और ऊर्जा नीतियों का अभिन्न अंग होना चाहिये। नदि-घाटी के लगातार क्षरण के विपरीत परिणामों की दृष्टि में, प्राकृतिक संसाधन आधारित अंतरपीढ़ी समानता को सुनिश्चित करने के लिए मौज़ूदा नीतियों में उलट देने के अटूट तर्क हैं। तभी हम यह सुनश्चित कर पायेंगे कि नदियों का उनके सामर्थ्य से अधिक दोहन न हो। हमें इस भ्रम में भी नहीं रहना चाहिये कि प्रदूषण चाहे किसी भी स्तर तक चला जाये, हम ट्रीटमेन्ट प्लाँट लगाकर नदियों को सुरक्षित कर लेंगे। नीतियों की जटिलता, जो ये निर्धारण करती हैं कि कितना पानी नदियों में रखना है, कितने खतरनाक रसायन नदियों मे छोडे जा रहे हैं, सीवेज और औद्योगिक प्रदूषण की कितनी अधिकता होगी, ये सभी बहुत महत्वपूर्ण है। इन सभी समस्यायों के समाधान के लिए हमारे प्राकृतिक संसाधनों के नियंत्रण की नीतियों में आमूल-चूल परिवर्तन लाने की आवश्यकता है।

(यह साक्षात्कार मूल रूप से अंग्रेजी भाषा में किया गया है, जिसे हिन्दी में अनूदित करने का काम निर्मला कपिला ने किया है)