Showing posts with label romantic satire. Show all posts
Showing posts with label romantic satire. Show all posts

Thursday, September 10, 2009

अपने-अपने मोहल्ले, अपने-अपने रावण...

अपने बारे में आपको एक बात क्लीयर कर दूं - मैं तुलसीदास स्टाइल का पति कतई नहीं हूं कि श्रीमती गईं मायके और जनाब दो घंटे बाद ही जलने लगे धूं-धूं श्रीमती के वियोग में । झोला उठाया और चल पड़े ससुराल । रास्ते में शव नदी में तैरता दिखा तो बंधु समझे कि श्रीमती ने नदी पार करने के लिए पति परमेश्वर को नाव तैयार रखी है। और हो लिए प्रिया प्रेमी शव पर ही सवार! ससुराल के घर में ऊपर से लटका सांप दिखा तो महाशय समझे कि श्रीमती ने उन्हें अपने शयन कक्ष में आने के लिए रस्सी लटका कर रखी है कि पति को रात को आते वक्त ससुराल वालों को जगाना न पड़े।

अपन तो एक अदद उत्तर-आधुनिक हसबैंड हैं। पत्नी जब-जब मायके जाती है, जश्न मना लेते हैं, चार कुंआरे दोस्तों को घर आमंत्रित कर अपने बीते दिनों को श्रद्धांजलि दे लेते हैं। अभी अपनी शादी को मात्र एक साल भर ही हुआ है,पर लगता है ज्यों सात जन्म से खूंटे बंधा हूं। गले में रस्सी के निशान, हाय रे हाय। ऐसे निशान तो कोल्हू के बैल के गले में भी नहीं पड़ते होंगे भाई साहब!

अबके भी मायके जाने के चिरपरिचित बहाने के क्रम में अपनी ताजी टटकी पत्नी पिछले हफ्ते मायके चली गई। यह कहकर कि त्यौहार है, वह दीपावली के बाद ही आएगी। जाओ भाई! हम भी कौन होते हैं आपको रोकने वाले। हम तो चाहते हैं कि बीच-बीच में थोड़ी खुले में सांस ली जाए। सच कहूं , पत्नी के साथ लगातार रह लूं तो अपना तो अभी से दम घुटने लगा है। धन्य हैं वे जो एक ही पत्नी के साथ सात जन्म काटने का दावा करते फिरते हैं।

पत्नी ने यह खुशखबरी ज्यों ही दी तो मन बाग-बाग हो उठा। मन ने कहा ,`जा बच्चे, इस खुशी में मुहल्ले भर में लड्डू बांट आ। ऐसे मौके अब जिंदगी में बार-बार नहीं आने वाले।´ पर डरा, पत्नी ने गलती से प्रोग्राम कैंसिल कर दिया तो गए न लड्डुओं पर किए पैसे बरबाद! सहमा-सहमा ही सही, पर फिर भी मैं खुश था कि चलो....

......और वह सच्ची को मायके चली गई! मुझे उसके डयोढ़ी पार करते ही भीतर से किसी ने आवाज दी,` सुन ली न भगवान ने तेरी आर्त आवाज! अब तो आस्तिक हो जा मेरे बाप! भगवान किसीकी आवाज सुनें या न सुनें ,पर आदर्श पत्नियों से पीड़ितों की आवाज अवश्य सुनते हैं , भले ही उनकी अपनी आवाज भी न निकल पा रही हो।´

अभी मुहल्ले में बांटने के लिए आने वाले लड्डुओं पर होने वाले खर्च का हिसाब लगा ही रहा था कि अचानक सामने खूंटी पर टंगी श्रीमती की नाइटी पर नजर गई तो पता चला ,नहीं गधे ! तू कुंआरा नहीं, अब शादी-शुदा है । यह बुरा पता चलते ही मन एक बार फिर रोया।

अभी रोई आंखों के आंसू पोंछने की सोच ही रहा था कि दरवाजे पर दस्तक हुई, बचकाना सी। जाहिर था मुहल्ले के बच्चे ही होंगे। कोई पिछले जन्म की प्रेयसी होती तो कोमल सी थाप दरवाजे पर यों देती कि वह दस्तक सीधे मन में उतर जाती।

हंसते हुए अपने वर्तमान के आंसू खुद ही पोंछता उठा। वाह रे वैवाहिक जीवन! अपने आंसू खुद ही पोंछने पड़ते हैं।

दरवाजा खोला तो सामने मुहल्ले के चार-पांच बच्चे। सबने एक साथ कहा,` अंकल! चंदा चाहिए।´

`यार, अभी से चंदा मांगना शुरू कर दिया। देखो, तथाकथित शरीफ घरों के बच्चे सब कुछ मांगते हैं पर चंदा नहीं। शरीफ बापों के बच्चे हो तो चंदा मांगना बंद करो और चुपचाप घर जाकर पढ़ने के बहाने टीवी के आगे डट जाओ। ´

`पर अंकल जब देश ही चंदे पर चला हो तो चंदा मांगना कौन सी बुरी बात है´ सबने एक साथ कहा।

` अच्छा तो चंदा किसलिए इकट्ठा किया जा रहा है´

`सोच रहे हैं अबके हम भी मुहल्ले में अपना रावण बनाते। हर मुहल्ले के तो अपने-अपने रावण हैं। बहुत बुरा लगता है अंकल, जब हमें औरों के यहां दशहरे को रावण जलते देखने जाना पड़ता है।
´ गोलगप्पे बेचने वाले के लाडले ने रूआंसेपन में कहा तो उस पर बड़ी दया आई।

`तो कितना बड़ा रावण बनाना चाहते हो´ मैंने पूछा ।

`सरकारी कालोनी वालों के रावण से बड़ा।
´ टिक्की बेचने वाले के लड़के ने सिकुड़ा सीना फुलाते कहा तो मैं परेशान हो उठा। तभी टेलर मास्टर साहब के लड़के ने बड़ी मासूमियत के साथ पूछा,`पर अंकल! सरकारी कालोनी वालों का रावण हर साल बड़ा ही क्यों होता जा रहा है´

`कालोनी भी तो सरकारी है न, बस इसीलिए।´
बच्चे बड़े होंगे तो खुद समझ जाएंगे। वक्त से पहले बच्चों को बड़ा कर क्यों उनका बचपना खराब करना।

`तो अंकल चंदा दीजिए न!´ एक ने मेरी पैंट खींचनी शुरू की तो न चाहते हुए पैंट में हाथ डालना ही पड़ा। दूसरा मेरे आगे चंदे का डिब्बा ठनकाता रहा।

मैंने यह सोचकर बच्चों को चंदा दे दिया कि शायद इनके जलाने से सच्ची को रावण जल जाए तो जल जाए। वरना बड़ों ने तो दशहरे को जितने रावण जलाए दूसरे ही दिन ठहाके लगाते हुए उससे चार गुणा और समाज में कुलांचे मारते देखे गए।

सच कहूं तो अब मुझे उतनी खुशी पत्नी के मायके जाने की नहीं है जितनी खुशी इस बात की है कि अबके अपने मुहल्ले के पास भी अपना रावण होगा।

बच्चे चंदे का धंधा तो क्या ही करेंगे....

डॉ. अशोक गौतम
सोलन-173230 हि.प्र.

Thursday, August 06, 2009

पत्नी और प्रेमिका एक स्कूटर के दो पहिए हैं....

घर में जब भी पत्नी से अनबन होती है,सच कहूं भाई साहब! प्रेमिका की बहुत याद आती है। उस वक्त तो मन करता है कि गृहस्थी के सारे बंधन तोड़ प्रेमिका के किराए के दो कमरों में अपना स्थाई निवास बना लूं। लेकिन ऐन मौके पर यह क्या! कहीं छुपाई डायरी में प्रेमिका का नंबर ढूंढने सीना तान कर उठे तो पाया कि यार, डायरी का वह पन्ना तो सिलवर फिश चट कर गई है जिस पर जो प्रेमिका का फोन नंबर लिखा था। नरक मिले इस सिलवर फिश को भी! जले पर समाज तो नमक छिड़कता ही है पर इस मामले में ये सिलवर फिश भी कम नहीं। लो भैया! इस अनबन में डूबते को प्रेमिका का ही एक मात्र सहारा था, अब गया वह भी। अब रोते रहो बीते दिनों को याद करते हुए गुसलखाने में।

मेरे जो बंधु विवाह को जीवन का अंतिम लक्ष्य मान लेते हैं, उन सबके साथ अक्सर यही होता है। देखिए साहब! मैं तो इस सोच का बंदा हूं कि विवाह के बाद लाइफ में पत्नी की जगह अपनी, प्रेमिका की अपनी। जिस तरह से स्कूटर में दो पहिए चलने के लिए आवश्यक होते हैं, उसी तरह से विवाहित पुरूष को स्मूथ जीने के लिए पत्नी और प्रेमिका दोनों जरूरी हैं। एक पहिये पर स्कूटर आप चला सकते हैं तो चलाते रहिए, अपने बस की बात तो है नहीं भाई साहब!

बहुधा जनाब होता क्या है कि विवाह होते ही मर्द प्रेमिका को भूल जाता है। वह अक्सर इस गलत सोच का शिकार हो जाता है कि प्रेमिका का रोल जीवन में केवल विवाह से पहले का ही होता है। पर यह सोच बिलकुल गलत है। मेरा तो मानना है कि प्रेमिका की जरूरत विवाह के बाद बहुधा पहले से ज्यादा पड़ती है। अगर ऐसा न होता तो मेरा पड़ोसी सौ बार जूते खाने के बाद तो सुधरा होता।

बंधुओ!
वैवाहिक जीवन में इतनी महत्वपूर्ण पत्नी नहीं होती जितनी प्रेमिका होती है। समाज में न आदर्श जरूरी हैं न आदर्शवादी मर्द!धर्म मर्द को जंक फूड खाने से रोकता है तो पत्नी जंक धर्म के मार्ग में सबसे बड़ी बाधा है। चाहे जंक फूड हो चाहे जंक धर्म, दोनों का आज के जीवन में बड़ा महत्व है। सनातनी चाहे इसका कितना ही विरोध करते फिरें पर मौका हाथ लगते ही वे भी उंगलियां चाट घर आते मुंह में तुलसी के पत्ते डाले कहीं भी देखे जा सकते हैं। रोज-रोज दाल-रोटी पेट खराब करते हैं तो एक पत्नी के साथ रहते मर्द दूसरी सांझ बूढ़ा हो जाता है। जो सनातनी संस्कृति के उपासक हैं उनके जूतों के निशान भी देख लीजिए,कोठों की सीढ़ियों पर इतिहास की तरह पक्के जमे हैं। अब वे इतिहास को नकारते फिरें, तो नकारते फिरें।

इसलिए-
आप विवाह के बाद कुछ संभाल कर रखें या न,प्रेमिका को अवश्य संभाल कर रखिएगा। विवाह के तुरंत बाद प्रेमिका के घर जाएं, उसके आगे अपनी विवशता का झूठा रोना रोएं,कहें,`न टाली जाने वाली परिस्थितियों के कारण मुझे इसके साथ विवाह करने के लिए विवश होना पड़ा। मैंने सामाजिक परंपरा निर्वाह मात्र के लिए विवाह तो इससे किया है,पर स्वर्गिक प्रेम तो बस तुम्ही से करता हूं।´ बस हो गया काम! कारण, आज भी समाज में ऐसी प्रेमिकाएं बहुत हैं जो दिमाग से काम कम ही लेती हैं।

पर-

गृहस्थी बिना तनाव के चले , अत: कुशल मर्द की समझदारी इसी में है कि प्रेमिका की पत्नी को बास भी न लगे। प्रेमिका को पत्नी से मिलवाना ही पड़े तो प्रेमिका को अपनी धर्म बहन बता दीजिए। वैसे भी आजकल मां-बाप, पत्नी आदि से प्रेमिका को मिलवाने में यह सम्बंध महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। धर्म के भाई-बहन चार-चार बच्चों के मां-बाप होते मैंने समाज में हजारों देखे हैं। रही बात धर्म की, जब धर्म का ही कोई धर्म नहीं तो हम आपका क्यों हो... और वह भी गृहस्थी में! गृहस्थी में और युद्ध में सब जायज होता है। सबके काम चलते रहें, इसमें कौन सी बुरी बात है....

लेकिन-

वैवाहिक जीवन में प्रेमिका की महत्ता को स्वीकारते हुए उससे कभी भी ऐसी बेईमानी न करे, कि जिसे वह नोट कर जाए। पत्नी को भले ही डोज़ दीजिए तो दीजिए। वह आपने ब्याही ही इसीलिए है। प्रेमिका को अगर लगा कि आप उससे धोखा दे रहे हैं तो वह समझदार भी हो सकती है। और अगर प्रेमिका ने घर बदल लिया तो आप न रहे घर के न घाट के! धोबी का कुत्ता मैं नहीं कहूंगा , कारण मैं खुद भी उसी बिरादरी से बिलांग करता हूं।

हमेशा याद रखें-
पत्नी का स्थान घर में होता है तो प्रेमिका का दिल में। पर परंपरा निर्वाह के लिए अधिक समय पत्नी को ही दें।
प्रेमिका को भले ही आप समाज के सामने धर्म बहन बना कर पेश करें, पर अब समाज इस रिश्ते के नए अर्थ को समझने लगा है। फिर भी, जब प्रेमिका को घर लाएं तो इस बात का ध्यान रखें कि पत्नी घर में न हो। हो सके तो प्रेमिका पर अपना विश्वास बनाए रखने के लिए बीच-बीच में उसके साथ विशेष प्रोग्राम भी बनाएं।

पत्नी को जितना चाहें डांटे। पर प्रेमिका को भूले से भी न डांटे। प्रेमिका आप की पत्नी नहीं कि सबकुछ भाग्य मान सह ले। उसने आप के साथ सात फेरे थोड़े ही लिए हैं। याद रखें, विवाहेतर प्रेम सम्बंधों की एक मात्र आधार-शिला प्रेमिका ही होती है, पत्नी नहीं। अगर वह आधार- शिला खिसकी तो समझो पूरा का पूरा वैवाहिक जीवन ही खिसका।

आवश्यक निर्देश-
वैवाहिक जीवन को समृद्ध बनाने के लिए पत्नी से मंदिर जाने के बहाने प्रेमिका को किसी अच्छे से रेस्तरा में लंच करवाने ले जाइए। उसे अच्छे-अच्छे पकवान खिलाइए, भले पत्नी घर में आटा-दाल पड़ोसियों से उधार ले आपका डिनर तैयार कर रही हो।

गांठबांध लें-

प्रेमिका के हितों की रक्षा आपके वैवाहिक जीवन का सर्वप्रथम कर्त्तव्य है। अत: भूले से भी पत्नी से सच्चा प्रेम न करें, पर सच्चे प्रेम का नाटक पूरी संजीदगी से करें। सबकुछ भूल जांए तो भूल जाएं,पर एक बात आठों पहर स्मरण रखें-हाथ से निकली प्रेमिका और शरीर से निकले प्राण पुन: लौट कर कम ही आते हैं।

अंत में
पत्नी को सोने के लिए फटी चादर दें तो प्रेमिका को अपनी पलकें बिछाएं। इससे जीवन में प्रेम फ्री प्रेम घुलता रहेगा।
गृहस्थी ने भले ही आपको लूंगी पर ला दिया हो,पर जब प्रेमिका से मिलने जाएं तो सज-धज कर जाएं ताकि प्रेमिका को लगे कि आपका गृहस्थी ने दीवाला नहीं निकाला है। सज-धज किराए पर लेने पर भी संकोच न करें। इससे प्रेमिका के मन में आपकी जेब के प्रति विश्वास बना रहेगा।

बेहतर हो -
सदा प्रेमिका को प्रेम के नीर में डुबो कर रखें। पत्नी मुरझाती हो तो मुरझाती रहे। उसने मुरझाने के लिए ही पत्नी होना स्वीकारा है। पत्नी की अपने समाज में यही नियति है मित्रो!
प्रेमिका को अगर लगे कि आपके प्रेम में झुर्रियां पड़ने लगी हैं तो तुरंत प्रेम के स्वास्थ्य लाभ के लिए किसी हिल स्टेशन पर सारे कम छोड़ हो लीजिए। पत्नी घर में बीमार हो तो होती रहे। प्रेमिका है तो वैवाहिक जीवन का आनंद है भाई साहब!

जरा अपने से पूछिए-

हम विवाह क्यों करते हैं? प्रेमिका के प्रेम को लांछन से बचाने के लिए। ऐसे में प्रेमिका को हर स्तर पर बनाए रखें ,भले ही जमाने से जूतें पड़ें। जूते टूटेंगे किसके? नुकसान होगा किसका ? जमाने का ही न! विवाहेतर सम्बंधों को जीने वाले सदा स्वर्ग के अधिकारी होते रहे हैं,मेरे बीसियों स्वर्गीय मित्र इस बात के पुख्ता सबूत हैं। मैं तो आपको अलर्ट भर कर सकता हूं, सो कर दिया। शेष, आपकी मर्जी भाई साहब!!

अशोक गौतम
द्वारा- संतोष गौतम, निर्माण शाखा,
डॉ. वाय. एस. परमार विश्वविद्यालय, नौणी,सोलन-173230 हि.प्र.