हिमानी का ये आलेख क़रीब दो हफ्ते पहले आया था....तब दसवीं और बारहवीं के नतीजों का वक्त था और हिमानी को अपने रिज़ल्ट वाले दिन याद आए होंगे तो उन्होंने लड़कियों से जुड़े कुछ ज़रूरी सवाल बैठक पर भेज दिए....देर से ही सही, ये आलेख अब भी वो सवाल लिए खड़ा है....इसे दस साल पहले भी पढ़ा जा सकता था और दस साल बाद भी शायद ही स्थिति बदले....
मैं साक्षर हूँ लेकिन आजाद नही
अच्छे अंकों की खुशी और आगे बढऩे के सपनों के बीच आ रही है एक सोच । वह
रुढि़वादी सोच जो प्रगति के पथ पर कदम बढ़ा रही लड़की को रोककर कहती है कि यहीं
रुक जाओ या रास्ता बदल लो। एक लड़की हो तुम क्या करोगी ज्यादा पढ़कर,बहुत आगे
बढ़कर। आधुनिकता के आंचल ने काफी हद तक कुरीतियों को ढक दिया है लेकिन कुछ
विचार कुछ जगहों पर आज भी तटस्थ हैं। दसवीं और बारहवीं की परीक्षा के नतीजे आ गए
है। लडकियां हर बार की तरह इस बार भी अव्वल हैं लेकिन वो कितना आगे बढ़ पाएंगी ये आज
२१ वी सदी में भी एक बड़ा सवाल है ..और सिर्फ गाँव कस्बों में नही शहरों में भी
..........................
शिक्षा के स्तर पर बेशक लड़कियां कितना ही अच्छा प्रदर्शन क्यूं न करें, बावजूद
इसके समाज में उन्हें अपना स्थान बनाने के लिए लड़कों जितनी सुविधाएं और साहस
नहीं मिल पाता है। परीक्षा के नतीजे घोषित होने पर बेशक मोहल्ले-पड़ोस में
मिठाई बांटी जाए लेकिन जब बात आगे की पढ़ाई की आती है तो अक्सर जवाब में एक मौन
मिलता है जो अस्वीकृति की सहज अभिव्यक्ति करता है।
शिक्षा व्यवस्था
'राम बाजार जाता है' , 'राधा रोटी बनाती है' .... पहली कक्षा में जब हम शब्द जोड़ कर
वाक्य पढऩा और लिखना शुरू करते हैं तो कुछ इस तरह के ही वाक्य सामने आते हैं।
राम लड़का है तो वह बाजार जायेगा और राधा लड़की है तो वह रोटी ही बनाएगी। बाजार
और रोटी सरीखे ये संकेतसूचक शब्द शिक्षा से मिलने वाली जागरुकता और
आत्मनिर्भरता की पूंजी पर छुपकर कड़ा प्रहार करते हैं। हालांकि कल्पना चावला से
लेकर इंदिरा नूई तक किसी उदाहरण को नकारा नहीं जा सकता लेकिन ये उदाहरण और भी
हों इसके लिए शिक्षा को खानापूर्ति की बजाए संभावनाओं के खजाने के रूप में
ग्रहण करना होगा।
पंख है पर उड़ नहीं सकती हैं वो
10 वीं में चाहे उसने जिला स्तर पर टॉप किया हो या फिर 12वीं में उसके अच्छे
नंबर आए हो लेकिन आगे की पढ़ाई के लिए उसके पास सिर्फ पास कोर्स के ही विकल्प
होते हैं। बीए(पास), बीकॉम(पास) या फिर बहुत हुआ तो बीएससी। घर से दूर अपने
ड्रीम कॉलेज में वह दाखिला नहीं ले सकती क्योंकि कॉलेज घर से काफी दूर है।
इंजीनियरिंग में दाखिला लेकर क्या करोगी, आखिर में तो घर-गृहस्थी ही संभालनी
हैं। 12 वीं के बाद एक लड़की क्या करना चाहती है ये पहले ही तय होता है लेकिन
लड़का जो चाहे वो कर सकता है। बेशक बदलते परिवेश ने काफी हद तक हालातों को बदला
है, लेकिन अब तक ये बदलाव सर्वव्यापी नहीं हो पाया है। गांव-कस्बों से लेकर
शहरों तक आज भी ऐसे चेहरों की कमी नहीं है जिन पर एक तरफ अच्छे अंको की खुशी है
तो दूसरी तरफ माथे पर आगे न बढ़ पाने की शिकन। अगर बरसों पुराना ये परिदृश्य न
होता तो देश को अब तक न जाने कितनी ही कल्पना और इंदिरा मिल गई होती।
न आजादी, न इजाज़त
उच्च शिक्षा के लिए सबसे अहम जरूरत है अच्छे अंक। जहां लड़कियों के लिए उच्च
शिक्षा की बात की जाती है तो एक जरुरत और बढ़ जाती है। वो है इजाज़त। अच्छे अंक
और उच्च शिक्षा में दाखिले की योग्यता पूरी करने के बाद भी लड़कियों को चाहिए
होती है इजाज़त। ये आज्ञा देने में अक्सर सांचों में ठिठके अभिभावक संकोच करते
हैं। लड़कों की तरह अपनी पसंद का कैरियर और जिंदगी चुनने की आजादी उन्हें नहीं
दी जाती है। सभ्यता-संस्कृति और संस्कार के सांचों में ढालकर सामाजिक आधार पर
तो उसे कमजोर बना ही दिया जाता है साथ ही उसका कोई आर्थिक आधार भी नहीं होता
जिससे वह अपनी पृष्ठभूमि तलाश सके..
हिमानी दीवान


मार्कण्डेय